वार्ता के बीच पुतिन ने दी यूक्रेन को खत्‍म करने की चेतावनी

रूस यूक्रेन के बीच शांति वार्ता के पांच दौर बेनतीजा रहे। हर शांति वार्ता के बाद रूस यूक्रेन पर हमले तेज कर देता है। रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन यूक्रेन पर परमाणु हमले की भी चेतावनी दे चुके हैं। एक तरफ शांति वार्ता का दौर चल रहा है, दूसरी ओर राष्‍ट्रपति पुत‍िन परमाणु हमले की बात कर रहे हैं। वह कसम खा रहे हैं कि वह यूक्रेन को समाप्‍त कर देंगे। आखिर रूसी राष्‍ट्रपति पुतिन यूक्रेन से क्‍या चाहते हैं। दोनों देशों के बीच जंग समाप्‍त करने में क्‍या है बड़ा रोड़ा। रूस के लिए इस जंग का मकसद क्‍या है।प्रो हर्ष वी पंत का कहना है कि रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन दुनिया को यह दिखाना चाहते हैं कि वह इस समस्‍या के समाधान के लिए कूटनीतिक रास्‍ता नहीं छोड़े हैं, लेकिन शर्तों के साथ। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक वार्ता तभी सफल होगी, जब यूक्रेनी राष्‍ट्रपति जेलेंस्‍की पूरी तरह से समर्पण करेंगे। पुतिन का इरादा एकदम साफ है कि जब त‍क यूक्रेन पूरी तरह से हथियार नहीं डालेगा रूस की ओर से युद्ध समाप्‍त नहीं होगा। पुतिन का इशारा साफ है कि जब तक यूक्रेन अमेरिका और नाटो की गोद में बैठा रहेगा, तब तक पुतिन कोई समझौता नहीं करेंगे। कूटनीतिक वार्ता के जरिए रूसी राष्‍ट्रपति पुतिन यह संदेश दे रहे हैं कि यूक्रेन के पास इस जंग को समाप्‍त करने का और तबाही को रोकने का एक मौका है। इसके साथ यह संकेत दे रहे हैं कि यूक्रेन को अमेरिका और नाटो से संबंध तोड़ने होंगे। यही कारण है दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच युद्ध रोकने की वार्ता के बीच रूसी सेना मिसाइल से हमले करती रहती है। रूसी सेना का इस वार्ता से कोई असर नहीं पड़ता। यही कारण है कि पांच चरण की वार्ता हो चुकी है, लेकिन स्थितियां जस की तस बनी हुई है। उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों के बीच यह जंग जिस मोड़ पर पहुंच चुकी है, वहां से रूसी सेना खाली हाथ वापस नहीं लौट सकती। उन्‍होंने कहा कि अब देखा जाए तो पुतिन के हाथ से भी बात निकल चुकी है। अब पुतिन सेना को अगर बुलाते हैं तो वह रूसी जनता को क्‍या जवाब देंगे। यह सवाल खड़ा होगा कि यूक्रेन पर हमले का मकसद क्‍या था। आखिर पुतिन ने यूक्रेन पर हमला क्‍यों किया। खासकर तब जब इस युद्ध में रूसी सेना भी तबाह हुई है। रूसी सेना के कई हथियार और हजारों की तादाद में सैनिक मारे गए हैं। इस युद्ध में रूस की भारी तबाही हुई है।

Related posts

Leave a Comment