आईपीएल से बाहर हुआ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का यह स्टार बल्लेबाज

आईपीएल के 16वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की टीम ने जीत के साथ शुरुआत की है। उसने अपने पहले मैच में पांच बार की विजेता टीम मुंबई इंडियंस को हराया। आरसीबी का अगला मैच गुरुवार (छह अप्रैल) को ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइटराइडर्स से होना है। उस मुकाबले से पहले टीम के लिए बुरी खबर सामने आई है। युवा बल्लेबाज रजत पाटीदार पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं।

इस बात की आशंका पहले से ही जताई जा रही थी पाटीदार टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं। उनके पैर में चोट है। वह फिलहाल नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में रिहैब में हैं। पाटीदार ने पिछले सीजन में धमाकेदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने आठ मैचों की सात पारियों में 333 रन बनाए थे। इस दौरान रजत का औसत 55.50 का रहा था। पाटीदार ने 152.75 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। उन्होंने एक शतक लगाया था।

आरसीबी ने क्या कहा?
आरसीबी ने रजत पाटीदार के बाहर होने की जानकारी दी। उसने ट्वीट में लिखा, ”दुर्भाग्य से एड़ी की चोट के कारण रजत पाटीदार आईपीएल 2023 से बाहर हो गए हैं। हम रजत के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उनके साथ पूरी टीम खड़ी है। कोच और प्रबंधन ने अब तक रजत के रिप्लेसमेंट खिलाड़ी को लेकर कोई फैसला नहीं किया है।”रजत पाटीदार ने आईपीएल में अब तक 12 मैच खेले हैं। इस दौरान 40.4 की औसत और 144.29 की स्ट्राइक रेट से उन्होंने 404 रन बनाए हैं। उनके खाते में एक शतक और दो अर्धशतक है। रजत के प्रथम श्रेणी करियर को देखें तो उन्होंने 52 मैचों में 45.72 की औसत से 3795 रन बनाए हैं। इस दौरान 11 शतक और 22 अर्धशतक लगाए। 51 लिस्ट ए में मैचों में रजत के नाम 1648 रन हैं। उन्होंने तीन शतक और आठ अर्धशतक जड़े हैं।

Related posts

Leave a Comment