उप्र से भाजपा के राज्यसभा सदस्य हरद्वार दुबे का निधन, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य हरद्वार दुबे का सोमवार को दिल्ली स्थित एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि दुबे को 12 जून को फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टिट्यूट में भर्ती कराया गया था। उन्होंने सोमवार तड़के अंतिम सांस ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुबे के निधन पर शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति मुर्मू के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री हरद्वार दुबे के निधन का समाचार दुःखद है। वे जनसेवा के लिए समर्पित थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शोकसंतप्त परिजनों व समर्थकों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं।’’ उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा, ‘‘राज्यसभा के सदस्य हरद्वार दुबे के देहावसान का समाचार अत्यंत दुःखद है।

श्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भाजपा के कर्मठ सांसद हरद्वार दुबे के निधन से अत्यंत दुख हुआ। वे जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे, जो उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में अपने अहम योगदान के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में ईश्वर उनके परिजनों और प्रशंसकों को संबल प्रदान करे।’’ बिरला ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘वरिष्ठ राजनेता तथा राज्यसभा के सदस्य हरिद्वार दुबे के देहावसान पर शोक व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिजनों को शोक की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।’’ योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘राज्यसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे हरद्वार दुबे जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें।’’

दुबे का पार्थिव शरीर आज दोपहर आगरा के धौलपुर हाउस स्थित आवास लाया गया जहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी आगरा पहुंचे और दुबे को पुष्पांजलि अर्पित की। सांसद के पुत्र प्रांशु दुबे के अनुसार, उनके पिता का अंतिम संस्कार आगरा में ताजगंज मोक्षधाम में किया गया। हरद्वार दुबे का जन्म एक जुलाई, 1949 को हुसैनाबाद, बलिया में हुआ था। आगरा में उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में संगठन मंत्री के रूप में काम किया। उनका विवाह प्रोफेसर कमला पांडे से हुआ था। धौलपुर हाउस आगरा में उनका स्थायी आवास है। उन्होंने 1989 में आगरा छावनी से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और विजयी रहे। 1991 में फिर से विधायक बने और कल्याण सिंह की सरकार में वित्त राज्य मंत्री बने। 2005 में उन्होंने खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा लेकिन सफलता नहीं मिली। वह 2013 में भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष और प्रवक्ता बनाए गए। 26 नवंबर, 2020 को उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।

Related posts

Leave a Comment