यूक्रेनी अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि रूस के एक ड्रोन ने एक बस को टक्कर मार दी, जिससे सुमी क्षेत्र में नौ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। यह हमला मॉस्को और कीव के बीच वर्षों में पहली बार हुई सीधी शांति वार्ता के कुछ घंटों बाद हुआ। यूक्रेन की राष्ट्रीय पुलिस ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर एक पोस्ट में कहा यह सिर्फ़ एक और गोलाबारी नहीं है -यह एक निंदनीय युद्ध अपराध है। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS ने रक्षा मंत्रालय के एक बयान का हवाला देते हुए बताया कि रूसी सेना ने सुमी क्षेत्र में यूक्रेनी सैन्य उपकरण मंचन क्षेत्र पर ड्रोन से हमला किया।
तुर्की में रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों की बैठक अस्थायी युद्धविराम कराने में विफल रही। रूस द्वारा फरवरी 2022 में शुरू किए गए युद्ध के शुरुआती महीनों के बाद से यह दोनों पक्षों के बीच पहली सीधी बातचीत थी। सुमी के सैन्य प्रशासन के प्रमुख इहोर तकाचेंको ने टेलीग्राम पर कहा कि बचाव अभियान चल रहा है। मॉस्को के 2022 के आक्रमण के शुरुआती हफ़्तों के बाद से रूस और यूक्रेन के बीच पहली सीधी शांति वार्ता इस्तांबुल में समाप्त हुई। दो घंटे से भी कम समय तक चली इस बैठक में दोनों पक्षों के 1,000 युद्धबंदियों की अदला-बदली पर सहमति बनी। जो अब तक की सबसे बड़ी अदला-बदली है। साथ ही कहा कि हम युद्धविराम पर वात करेंगे। बैठक के बाद यूक्रेन के रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव ने कहा कि अब अगला कदम रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच वैठक करवाने पर होगा।
हालांकि, युद्धविराम सहित अन्य प्रमुख मुद्दों पर वार्ता में कोई खास प्रगति नहीं हो पाई। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य यूरोपीय नेताओं के साथ नतीजों पर चर्चा की। उन्होंने मॉस्को पर कड़े प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया, अगर रूस पूर्ण और बिना शर्त युद्धविराम के लिए प्रतिबद्ध नहीं होता। अल्बानिया में यूरोपीय नेतृत्व की बैठक के दौरान ज़ेलेंस्की ने हिंसा को समाप्त करने के महत्व पर जोर दिया। यूक्रेन जहां बिना शर्त युद्धविराम मांग रहा है तो वहीं, रूस 1,000 कैदियों की अदला-बदली पर अड़ा रहा। इससे पहले जेलेंस्की ने कहा कि अगर इस्तांबुल में वार्ता किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंचती, तो पश्चिमी देश रूस के ऊर्जा क्षेत्र और बैंकों पर नए प्रतिबंध लगाएं।