समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सूचना विभाग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजनीतिक प्रचार के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आने पर वह इसकी जांच कराएंगे। सपा मुख्यालय से मंगलवार को जारी एक बयान में यादव ने कहा,‘‘सूचना विभाग का काम सरकारी विकास योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना है, इसके बजाय ‘लाल टोपी’ दिखाकर फर्क बताने वाले राजनीतिक विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं जो स्पष्ट रूप से राजनीतिक प्रचार कार्य है।’’ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा, ‘‘सपा के सत्ता में आने पर यह जांच सुनिश्चित की जाएगी कि सूचना विभाग से भाजपा के राजनीतिक प्रचार के लिए कितनी धनराशि विज्ञापनों, होर्डिंग पर खर्च की गई और इसमें जो अधिकारी दोषी पाए जाएंगे वे जांच के दायरे में होंगे।’’ यादव ने आरोप लगाया, ‘‘जब से भाजपा सत्ता में आई है, सिवाय सत्ता के दुरुपयोग के उसने कोई काम नहीं किया है। भाजपा सरकारी कोष और संसाधनों का इस्तेमाल अपनी पार्टी के पक्ष में प्रचार के लिए कर रही है।’’ उन्होंने लखीमपुर खीरी हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा को बर्खास्त नहीं किया गया जबकि उनके बेटे ने जीप चढ़ाकर किसानों को कुचल दिया था। यादव ने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार में अपराधियों पर नकेल कसने और अपराधियों को जेल भेजने का दावा किया और आरोप लगाया कि भाजपा में ‘जंगलराज’ की छूट है।
Related posts
-
Mann Ki Baat में पीएम मोदी ने Pahalgam Attack की कड़ी निंदा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 121वें एपिसोड में... -
लोग धैर्य रखें, सरकार पहलगाम हमले के गुनाहगारों पर कर रही कार्रवाई : जनरल वी के सिंह
मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी के सिंह ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर रविवार को जनता... -
खुफिया विफलता का नतीजा, पहलगाम हमले को लेकर Akhilesh Yadav ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहलगाम आतंकी हमले को भारतीय जनता पार्टी की केंद्र...