कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लॉकडाउन के बाद अब अनलॉक में भी योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार नये प्रयोग कर रही है। राहतों से भरे अनलॉक-4 के साथ ही प्रदेश सरकार ने व्यापारियों और कारोबारियों को एक और बड़ी राहत दी है। कोरोना संकट काल में व्यापारिक परेशानियां झेल रहे बड़े वर्ग की समस्या को देखते हुए योगी सरकार ने शनिवार और रविवार की दो दिवसीय साप्ताहिक बंदी खत्म कर सिर्फ रविवार को ही प्रदेशभर में साप्ताहिक बंदी का फैसला किया है। अब प्रदेश में बाजार सुबह नौ से रात नौ बजे तक खोलने का फैसला किया गया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर टीम-11 के साथ अनलॉक के साथ ही प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस बैठक के बाद सीएम ने अफसरों को हर स्तर पर कोविड-19 के खिलाफ बेहतर से बेहतर काम करें। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक की बंदी को समाप्त किया जा रहा है। अनलॉक-4 में रविवार को बंदी रहेगी। इसके अलावा हर रोज बाजार सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुलेंगे। उत्तर प्रदेश में अब सिर्फ रविवार को साप्ताहिक बंदी होगी। उन्होंने कहा कि सभी शहर तथा गांव में बाजारों की साप्ताहिक बंदी रविवार को निर्धारित की जाए। शनिवार को भी दुकानें खुलेंगी। शनिवार रात 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक पूरी तरह से बंदी रहेगी।
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार को योगी आदित्यनाथ सरकार ने पहले वीकेंड लॉकडाउन लगाने का बड़ा फैसला किया था। इसके तहत शुक्रवार रात से रविवार तक पूरा लॉकडाउन लगाया जाता है लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब प्रदेश में हर जगह पर बाजार केवल रविवार को बंद रहेगा। रविवार छोड़ बाकी दिन 12 घंटे यानी सुबह नौ से रात नौ बजे तक दुकानें खुल सकेंगी। योगी आदित्यनाथ सरकार ने अब वीकेंड लॉकडाउन की व्यवस्था खत्म कर दी है। अब शनिवार को भी बाजार खुलेंगे और एक तरह से वीकेंड लॉकडाउन खत्म हो गया। मुख्य सचिव आरके तिवारी ने बताया कि अब प्रदेश भर में छह दिन बाजार और प्रतिष्ठान खुलेंगे। दुकानें आदि खुलने के समय प्रतिदिन सुबह नौ से रात नौ बजे तक होगा। वहीं, रविवार को पूर्ण साप्ताहिक बंदी रहेगी।