साल 2021 में बॉलीवुड की सबसे बड़ी शादी में बस चंद घंटे बाकी हैं। आज (9 दिसम्बर) कटरीना कैफ विक्की कौशल से शादी करके आधिकारिक तौर पर ‘कटरीना कैफ कौशल’ हो जाएंगी। कटरीना और विक्की की शादी कई कारणों से लगातार चर्चा में है। इनमें से एक है, दोनों की उम्र का बड़ा फासला। विक्की, कटरीना से पांच साल छोटे हैं।
कंगना रनोट ने विक्की और कटरीना की शादी को जेंडर स्टीरियोटाइप तोड़ने वाला करार दिया है। एक सोशल पोस्ट में कंगना ने दोनों कलाकारों का नाम लिये बगैर लिखा कि फिल्म इंडस्ट्री की कामयाब महिलाएं इस बात के लिए बधाई की पात्र हैं कि वो इस धारणा को तोड़ रही हैं कि शादी के लिए लड़की उम्र में छोटी और लड़का बड़ा होना चाहिए। कंगना की इस टिप्पणी की रोशनी में आइए जानते हैं उन बॉलीवुड शादियों के बारे में, जिन्होंने इस जेंडर स्टीरियोटाइप को तोड़ा।
कटरीना के बाद इसकी ताजा मिसाल हैं प्रियंका चोपड़ा, जिन्होंने 2018 में अमेरिकन सिंगर और एक्टर निक जोनस के साथ भारत में हिंदू और क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की थी। प्रियंका की शादी में निक का पूरा परिवार अमेरिका से भारत आया था। जोधपुर के उम्मेद भवन में शादी के कार्यक्रम दो दिन चले थे। प्रियंका, निक से 10 साल बड़ी हैं। उम्र के इस बड़े फासले को लेकर उस वक्त भी काफी कुछ कहा गया था। प्रियंका ने इंटरव्यूज में इसको लेकर बात भी की थी। कटरीना और प्रियंका अब एक फिल्म में भी साथ आने वाले हैं। फिल्म का निर्देशन फरहान अख्तर कर रहे हैं। आलिया भट्ट भी मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा हैं। कई साल पहले सारा अली खान की मॉम अमृता सिंह ने भी इस जेंडर स्टीरियोटाइप को ब्रेक किया था, जब उन्होंने खुद से लगभग 12 साल छोटे सैफ अली खान से शादी की थी। सैफ की उम्र उस वक्त सिर्फ 21 साल थी। यह शादी भी खूब चर्चा में रही थी। हालांकि, 2004 में उनका तलाक हो गया था। सैफ ने दूसरी शादी करीना कपूर से की, जो उनसे लगभग 10 साल छोटी हैं।