भाजपा ने प्रदेश के विकास को 10 वर्ष पीछे ढकेल दिया- पूजा पाल

चायल से पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में प्रदेश अध्यक्ष लोहिया वाहिनी एवं स्टार प्रचारक ने की नुक्कड़ सभाएं
कौशाम्बी। चायल से सपा की उम्मीदवार पूजा पाल ने गुरूवार को विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में नुक्कड़ सभा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात करते हुए सपा की नीतियों का बखान किया। साथ ही साथ भाजपा सरकार की नाकामियों को गिनाया।
चायल के बरियावां, बरोलहा, रामपुर, भिखारी का पूरा, मलाका, गौहानी, रामदयालपुर, गढ़वा आदि गांवों में हुई नुक्कड़ सभा के दौरान सपा के स्टार प्रचारक एवं लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. रामकरन निर्मल ने कहा कि योगी सरकार अब तक की सबसे अक्षम सरकार है। साढ़े चार वर्ष में उत्तर प्रदेश में प्रदेश की भाजपा सरकार ने विकास के नाम पर एक भी ईंट नहीं रखी है। पिछली अखिलेश यादव की सरकार के कार्यकाल में जो भी कार्य हुए हैं, उन्हीं का नाम बदलकर वाहवाही लूट रही है। महंगाई चरम पर है। लोग सरकार से नाराज है। खासतौर पर महिलाएं। यही वजह है कि लोग तेजी से सपा के साथ जुड़ रहे हैं। इस चुनाव में सपा की सरकार बनना तय है। कारण कि हम हर परिवार की महिला सदस्य को पार्टी से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पूजा पाल ने कहा कि भाजपा सरकार से आवाम त्रस्त है। आलम यह है कि पांच वर्ष की इस भाजपा सरकार ने प्रदेश के विकास को 10 वर्ष पीछे ढकेल दिया है। किसान परेशान है। उन्हें ना तो समय से बिजली मिल रही है और ना ही खाद, बींज यही नहीं छुट्टा मवेशी किसानों की फसल को चट कर रहे है। रात-दिन तकवारी करने के बाद भी किसान अपनी फसल का लागत नहीं निकाल पा रहे है। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष बीरसिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, चंद्रजीत यादव, अनिल यादव, रामलाल मौर्या, शिवप्रसाद प्रजापति, रामलखन, सीताराम भारतीय आदि मौजूद रहे।

Related posts

Leave a Comment