झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को एक महीने पुराने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए सात मंत्रियों को शामिल किया। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राजभवन में सादे समारोह में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। सात मंत्रियों में पांच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के और दो कांग्रेस के हैं। झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन की सरकार ने पिछले साल 29 दिसंबर को राज्य में सत्ता संभाली थी। सोरेन ने चंपई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो, जोबा मांझी, मिथिलेश कुमार ठाकुर (सभी झामुमो से), बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख (दोनों कांग्रेस) को मंत्रिपरिषद में शामिल किया। महतो और ठाकुर पहली बार मंत्री बने हैं और मांझी झामुमो में शामिल होने से पहले पूर्व की राजग सरकार में मंत्री थीं। अन्य चार पूर्व की संप्रग सरकारों में मंत्री रह चुके हैं। झामुमो में पांच नए मंत्रियों को शामिल किए जाने के साथ मुख्यमंत्री सोरेन सहित उनकी पार्टी के छह मंत्री हो गए हैं। इसके अलावा कांग्रेस के चार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक मंत्री हैं। अब मंत्रिपरिषद में 11 मंत्री हो गए हैं। एक और को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। संवैधानिक प्रावधानों के तहत झारखंड में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। पूर्ववर्ती रघुवर दास सरकार में 11 मंत्री ही थे।पिछले साल सोरेन के 29 दिसंबर को झारखंड के 11 वें मुख्यमंत्री बनने के बाद मंत्रिपरिषद का यह पहला विस्तार है। उनके साथ कांग्रेस के आलमगीर आलम और रामेश्वर उरांव तथा राजद के सत्यानंद भोक्ता ने भी शपथ ली थी। मंत्रिपरिषद का विस्तार 24 जनवरी को होने वाला था। पश्चिम सिंहभूम जिले में सात ग्रामीणों की हत्या के कारण मुख्यमंत्री के आग्रह पर इसे टाल दिया गया था।
Related posts
-
YUGM कॉन्क्लेव में बोले PM Modi, भारत को हर प्रौद्योगिकी में सर्वश्रेष्ठ बनाने की दिशा में हो रहा काम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में YUGM कॉन्क्लेव को संबोधित किया। इस... -
वाशिंगटन में भारत और अमेरिका के बीच बैठक, द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा
भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से, भारत के वाणिज्य विभाग और... -
हाई लेवल मीटिंग के बाद पीएम मोदी ने सेना को दी पूरी छूट, कहा- आतंकवाद को करारा जवाब देना हमारा राष्ट्रीय संकल्प
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सीडीएस अनिल चौहान...