कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर शनिवार को भी हमला किया। उन्होंने पीएम मोदी को संबोधित एक पत्र जारी कर लखीमपुर खीरी हिंसा का मुद्दा फिर उठाया। प्रियंका ने लखनऊ आगमन पर पीएम का स्वागत करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार लखीमपुर खीरी हिंसा के आरोपितों को बचा रही है। उन्होंने लखनऊ में डीजीपी कांफ्रेंस में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के साथ मंच नहीं साझा करने की अपील भी की है।लखनऊ स्थित कौल हाउस में मीडिया से मुखातिब प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीएम मोदी को संबोधित पत्र पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि कल आपने तीन काले कृषि कानूनों को किसानों पर थोपने के अत्याचार को स्वीकारते हुए उन्हें वापस लेने की घोषणा की। लखीमपुर खीरी में किसानों के साथ हुई क्रूरता को देश ने देखा। किसानों को अपनी गाड़ी से कुचलने का मुख्य आरोपित केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का बेटा है। इस मामले में यूपी सरकार ने शुरूआत से ही न्याय की आवाज को दबाने की कोशिश की। प्रियंका गांधी वाड्रा ने पत्र में आगे लिखा कि मैं लखीमपुर खीरी कांड के पीड़ित परिवारों से मिली हूं। वे असहनीय पीड़ि में हैं। सभी परिवारों का कहना है कि वे सिर्फ न्याय चाहते हैं और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के पद पर बने रहते न्याय संभव नहीं है। उन्होंने आगे लिखा है कि लखीमपुर खीरी केस की जांच की हालिया स्थित पीड़ित परिवारों की आशंका को सही साबित करती है। देश की कानून व्यवस्था के जिम्मेदार गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आपके उसी मंत्री के साथ मंच साझा कर रहे हैं।उन्होंने आगे लिखा कि आप देश के प्रधानमंत्री हैं और किसानों के प्रति अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह से समझते होंगे। हर देशवासी के लिए न्याय सुनिश्चित करना प्रधानमंत्री का कर्तव्य ही नहीं, उनका नैतिक दायित्व होता है। कल देशवासियों को सम्बोधित करते हुए आपने कहा कि सच्चे मन और पवित्र हृदय से किसानों के हित को देखते हुए कृषि कानूनों को वापस लेने का अभूतपूर्व निर्णय लिया गया है। आपने यह भी कहा कि देश के किसानों के प्रति आप नेकनीयत रखते हैं।
Related posts
-
फ्रांस के बाद साइप्रस में बढ़ेंगी UPI सेवाएं, पीएम मोदी ने कहा, ‘बातचीत आगे बढ़ेगी…’
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय साइप्रस की यात्रा पर है। इस यात्रा के दौरान... -
साइप्रस में PM मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की, क्योंकि उन्हें साइप्रस... -
जाति जनगणना का जिक्र क्यों नहीं है? Census 2027 को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस पार्टी ने भारत की 16वीं जनगणना के लिए सरकार की अधिसूचना को जाति समावेशन पर...