पाकिस्तान के कराची में एक पुलिस अधिकारी के खाते में रातों-रात करोड़पति बन गया। उसके बैंक खाते में ‘अज्ञात’ व्यक्ति ने 10 करोड़ रुपये जमा कराए। इस अधिकारी के खाते में वेतन की राशि के साथ 10 करोड़ रुपये अतिरिक्त जमा हुए हैं।
कराची में पुलिस थाने के जांच अधिकारी आमिर गोपांग के खाते में यह राशि जमा हुई है। अपने खाते में अचानक 10 करोड़ जमा होने पर वे हैरान रह गए। गोपांग ने कहा कि मेरे खाते में कभी भी कुछ हजार रुपये से ज्यादा नहीं आए हैं। इसका पता उन्हें तब चला जब बैंक से फोन आया और बताया गया कि उनके खाते में 10 करोड़ रुपये जमा हो गए हैं।
हालांकि, इससे पहले कि गोपांग खाते से कोई लेन-देन कर पाते बैंक ने खाता सील कर दिया और पैसे निकालने से रोकने के लिए उनका एटीएम कार्ड ब्लॉक कर दिया। अब बैंक के साथ कराची पुलिस भी खाते में इतनी बड़ी राशि आने की जांच कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि आखिर यह राशि कैसे और कहां से आई?
लाड़काना व सक्खर में भी हुई ऐसी घटनाएं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के लाड़काना और सक्खर में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं। कई पुलिस अधिकारियों के बैंक खातों में बड़ी राशि जमा हो गई थी। लाड़काना में तीन पुलिस अधिकारियों में से प्रत्येक के खाते में पांच पांच करोड़ रुपये जमा हुए थे। वहीं, सक्खर में भी एक पुलिस अधिकारी के खाते में पांच करोड़ आए थे। इन मामलों की भी जांच जारी है।