हिमाचल प्रदेश में वोटिंग जारी, पत्नी और बेटियों के साथ सीएम ठाकुर ने डाला वोट

हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर आज 12 नवंबर को चुनाव हो रहे हैं। मतदान सुबह 08 बजे शुरू हो गया, जो शाम 05 बजे तक चलेगा। सुबह 08 बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई हैं। इस बार प्रदेश के 55,92,828 मतदाता चुनावी रण में उतरे 412 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत आज ईवीएम में कैद कर देंगे। इनमें 24 महिलाएं भी शामिल हैं। हिमाचल की मतगणना 08 दिसंबर को होगी।हिमाचल प्रदेश में कुल मतदाताओं में 67559 सेवा मतदाता, 22 प्रवासी भारतीय मतदाता तथा 5525247 आम मतदाता हैं। राज्य में पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। इनमें 2854945 महिलाएं, 2737845 पुरुष तथा 38 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मतदान के लिए उन प्रवासी मतदाताओं को मूल पासपोर्ट दिखाना होगा, जो पासपोर्ट विवरण अनुसार जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मतदाता सूचियों में शामिल हैं।

हिमाचल प्रदेश के मंत्री और शिमला से बीजेपी विधायक सुरेश भारद्वाज ने शिमला विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 63/87 पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि सुबह के रूझान के मुताबिक बीजेपी एक बार फिर से सरकार बनाएगी। लोग भारी संख्या में मतदान कर रहे हैं।

– बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वोटिंग से पहले परिवार सहित मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष है। हिमाचल की देवतुल्य जनता आज अगले पांच सालों के लिए अपना निर्णय करने वाली है। विवेकपूर्ण तरीके से प्रदेश और देश के हित में निर्णय करने वाली है। आज का दिन अगले पांच साल की नींव रखने वाला दिन है। इस बार रिवाज बदलेगा

कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह का कहना है कि हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। वर्तमान सरकार ने सभी वर्गों की आवाजों को दबा दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में हाल ही में हुए उपचुनाव में सरकार को हार का सामना करना पड़ा था। वह सेमीफाइनल था, यह फाइनल है। ये चुनाव भी हारेंगे। कांग्रेस बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। राज्य को आगे ले जाने और उसकी दशा बदलने के लिए चुनाव लड़ा जा रहा है। यह सिर्फ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बारे में नहीं है बल्कि राज्य के भविष्य के बारे में है। वर्तमान सरकार ने समाज के सभी वर्गों की आवाजों को दबा दिया और उनकी अनदेखी की।’

– सीएम जयराम ठाकुर की बेटी चंद्रिका ठाकुर ने कहा कि मतदान के दिन उत्साह होता है। हम खुश और तनावमुक्त हैं। मंडी ने हमेशा सीएम जयराम ठाकुर का समर्थन किया है। लोगों ने देखा होगा कि जो विकास हुआ है और वे निश्चित रूप से भाजपा को वोट देंगे।

Related posts

Leave a Comment