प्रयागराज, 03 सितंबर 2026।
नगर निगम के जोन-01 खुल्दाबाद एवं जोन-03 सिविल लाइंस क्षेत्र में जलप्लावन, जल निकासी, सीवर-नाला, साफ-सफाई एवं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत नगरीय सुविधाओं की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महापौर गणेश केसरवानी ने द फोर सीजन गेस्ट हाउस में जोनल अधिकारियों, मा० पार्षदगण एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक में महापौर ने जोन-01 एवं जोन-03 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों में जल निकासी, जलप्लावन, सीवर एवं नाला सफाई, कूड़ा उठान, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान विभिन्न वार्डों से उपस्थित मा० पार्षदगण ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं, जलभराव वाले स्थानों, सीवर एवं नाला सफाई से संबंधित दिक्कतों तथा नागरिकों की ओर से प्राप्त शिकायतों और सुझावों को महापौर के समक्ष रखा।
महापौर ने पार्षदगण द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक समस्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में जलप्लावन की समस्या वाले स्थानों को चिन्हित करते हुए जल निकासी की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि वर्षा के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जल निकासी एवं साफ-सफाई कार्यों के लिए मैनपावर की आवश्यकता है, वहां आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मैनपावर उपलब्ध कराया जाए। सीवर, नालों एवं जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का केवल अस्थायी समाधान न करते हुए उनके स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और क्षेत्रीय स्तर पर नियमित निरीक्षण एवं निगरानी सुनिश्चित करें।
महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पार्षदगण अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को नगर निगम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके द्वारा बताई गई समस्याओं पर संबंधित अधिकारी गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में जल निकासी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, सीवर एवं नालों की नियमित सफाई, सफाई व्यवस्था में आवश्यकतानुसार मैनपावर बढ़ाने, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण की व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि प्रत्येक वार्ड की भौगोलिक एवं स्थानीय आवश्यकताएं अलग-अलग हैं, इसलिए क्षेत्र की वास्तविक स्थिति के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्यवाही की जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलप्लावन वाले क्षेत्रों में नालों एवं सीवर चैंबर की स्थिति की नियमित जांच की जाए तथा जहां कहीं भी अवरोध की स्थिति हो, उसे तत्काल दूर कराया जाए। सफाई व्यवस्था में भी किसी प्रकार की कमी न रहने पाए और मुख्य मार्गों के साथ-साथ गलियों एवं मोहल्लों में भी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शिकायत प्राप्त होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि संभावित समस्याओं की पहले से पहचान कर उनका समाधान करना है। इसके लिए जोनल एवं क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा लगातार फील्ड विजिट कर व्यवस्थाओं की निगरानी की जाए और आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि “जनता को बेहतर जल निकासी, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए परिणाम सुनिश्चित करना होगा।”
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि सीवर, नाला, जल निकासी एवं साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा संचालित विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त श्री शादाब असलम जी, जोनल अधिकारी जोन-01 श्री नीरज सिंह, जोनल अधिकारी जोन-03 श्री सौरभ यादव, जेडएसओ श्री अरविंद सिंह, अधिशासी अभियंता श्री अनिल कुमार मौर्य, अभियंता श्री राकेश विश्वकर्मा, श्री विनोद पटेल सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त मा० पार्षदगण श्री गुलाब सिंह पटेल जी, श्री दिग्विजय कुशवाहा जी, श्रीमती दुर्गेश नंदनी जी, श्री हाजी सलामत उल्ला जी, श्री फजल खान, श्री अब्दुल समद, श्रीमती सोनिका अग्रवाल, श्री भास्कर पटेल, मोहित पासी, संजय पासवान, मीनू तिवारी, श्याम चंद्र हेला, आनन्द घड़ियाल, श्री भोला तिवारी, श्री पंकज जायसवाल, श्री अजय यादव सहित अन्य मा० पार्षदगण उपस्थित रहे।