राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है और यह यहां चेतावनी के निशान से नीचे बह रही है। सोमवार को अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पुराने रेलवे पुल पर सुबह नौ बजे जलस्तर 203.95 मीटर दर्ज किया गया। रविवार को नौ बजे यह 203.98 मीटर था और शनिवार शाम सात बजे यह 204.14 मीटर था। उन्होंने बताया कि चेतावनी का निशान 204.50 मीटर है, वहीं खतरे का निशान 205.33 मीटर है। हरियाणा के यमुनानगर जिले के हथिनी कुंड बैराज से सुबह नौ बजे 3,666 क्यूसेक दर से यमुना में पानी छोड़ा जा रहा था। मध्यरात्रि में बहाव दर 8,208 क्यूसेक था जो कि पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा था। अधिकारी ने बताया, ‘‘बहाव दर पिछले तीन दिन से 15,000 क्यूसेक से नीचे बना हुआ है जो बहुत अधिक नहीं है। जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है।’’एक क्यूसेक 28.32 लीटर प्रति सेकेंड के बराबर होता है। दिल्ली को पेय जल की आपूर्ति इसी बैराज से होती है और यहां से छोड़े गए पानी को दिल्ली पहुंचने में कम से कम दो-तीन दिन का समय लगता है। उन्होंने बताया कि दिल्ली और पड़ोसी इलाकों में बारिश के बाद शुक्रवार को जलस्तर बढ़ गया था। प्रशासन ने दो-दो चालकों के साथ स्थिति पर नजर रखने के लिए 24 नौकाएं तैनात की हैं। वहीं कई और नौकाओं और गोताखोरों के दलों को तैयार रखा गया है। सामान्य तौर पर हथिनीकुंड बैराज में बहाव दर 352 क्यूसेक होता है लेकिन जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ा दी जाती है।
Related posts
-
रेलवे यात्रा में रियायत प्राप्त करने के इच्छुक दिव्यांगजन विभागीय पोर्टल पर करें ऑनलाइन आवेदन
प्रयागराज । भारत सरकार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, नई दिल्ली द्वारा निर्धारित... -
उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा क्रान्ति की ओर अग्रसर
प्रयागराज । विश्व के हर क्षेत्र में विकास करने के लिये विद्युत जरूरी है। बिना विद्युत... -
महानगर अध्यक ने पार्टी पदाधिकारियों मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक की
प्रयागराज । मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर केंद्र व प्रदेश नेतृत्व के निर्देश...