महापौर ने काशी तमिल संगमम् के सदस्यों के प्रयागराज आगमन पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया

काशी तमिल संगमम् यात्रा सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक एकता की सबसे बड़ी शक्ति-मा0 महापौर

काशी तमिल संगमम यात्रा से सांस्कृतिक आदान-प्रदान का मिल रहा अवसर-जिलाधिकारी

प्रयागराज 12 दिसम्बर, 2025

‘‘काशी तमिल संगमम्’’ यात्रा दल के सदस्यों के शुक्रवार को जनपद प्रयागराज आगमन पर महापौर श्री उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा एवं नगर मजिस्टेªट श्री विनोद कुमार सिंह के द्वारा तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर टीम के सदस्यों का भव्य रूप से स्वागत किया गया। इस अवसर पर संगम क्षेत्र के वीआईपी घाट के पास आयोजित कार्यक्रम में मा0 महापौर जी के द्वारा दल के टीम लीडर को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा गंगा जल भेंट किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अभिलेखागार एवं राजकीय पांडुलिपि पुस्तकालय द्वारा अभिलेख एवं पांडुलिपियों की प्रदर्शनी भी लगायी गयी, जिसमें कागज तथा ताड़पत्र के पौराणिक ग्रंथो के प्रदर्श विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर एन0सी0जेड0सी0सी0 द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी की गयी।

इस अवसर पर मा0 महापौर श्री उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने संगम नगरी प्रयागराज में काशी तमिल संगमम् के अन्तर्गत तमिलनाडू से आए लोगो का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् यात्रा मा0 प्रधानमंत्री जी के उस भारत का प्रतीक है, जहां सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। यह यात्रा सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति को जोड़ने वाला एक सेतु है। उन्होंने कहा कि ‘‘काशी तमिल संगमम् यात्रा माननीय प्रधानमंत्री जी की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसने भाषा, संस्कृति और क्षेत्रीय भिन्नताओं के नाम पर फैलाए गए भ्रमों को दूर किया है। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक धरा और तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत संगम पर मिलकर एक भारत का भव्य चित्र प्रस्तुत कर रही है।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि काशी तमिल संगमम यात्रा में प्रयागराज पहुंचे सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि हमारे लिए यह गौरव का विषय है कि इस यात्रा में सम्मिलित सदस्य काशी से प्रयागराज पहुंच रहे है और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर मिल रहा है।

काशी तमिल संगमम् टीम के सदस्यों को सुसज्जित नावों के द्वारा वीआईपी घाट से संगम ले जाकर मां गंगा, यमुना एवं अदृश्य सरस्वती के संगम का अवलोकन/स्नान कराया गया तथा तीर्थराज प्रयागराज के महत्व के बारे में बताया गया। संगम क्षेत्र के अद्भुत एवं मनोहारी दृश्य देखकर सदस्यगण मंत्रमुग्ध हो गये। सदस्यगणों के द्वारा संगम क्षेत्र में वीआईपी घाट पर बनाये गये सैण्ड आर्ट का अवलोकन किया गया। संगम क्षेत्र कार्यक्रम के पश्चात काशी तमिल संगमम् टीम के सदस्यगणों ने लेटे हनुमान जी का दर्शन एवं पूजन किए। इसके उपरांत टीम के सदस्य शंकर विमान मण्डपम मंदिर, स्वामी नारायण मंदिर भी गये। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 प्रभाकर त्रिपाठी के द्वारा किया गया। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन व नगर मजिस्टेªट श्री विनोद कुमार सिंह एवं अन्य सम्बंधित अधिकारियों के द्वारा काशी तमिल संगमम् यात्रा के दूसरे दल के सदस्यों की यात्रा को सकुशल ढंग से सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 प्रभाकर त्रिपाठी ने किया है।

इस अवसर पर नगर मजिस्टेªट श्री विनोद कुमार सिंह, प्रा०सहायक श्री राकेश कुमार वर्मा, श्री हरिशचंद्र दुबे सहित बड़ी संख्या लोग उपस्थित रहे।

Related posts

Leave a Comment