प्राथमिक–जूनियर शिक्षक प्रशिक्षण से सुदृढ़ हुआ शैक्षिक सशक्तिकरण, डायट प्रयागराज में कार्यक्रम सम्पन्न

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), प्रयागराज में दिनांक 27 से 29 जनवरी तक प्राथमिक एवं जूनियर शिक्षकों हेतु आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन डायट प्रयागराज के तत्वावधान में किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डायट प्राचार्य श्री रमेश कुमार तिवारी के कुशल दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण प्रभारी के रूप में श्री पंकज कुमार यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि डायट प्रवक्ता श्री पुडेंदु प्रकाश तिवारी त्रिपाठी संदर्भदाता के रूप में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्रों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के अनुरूप कक्षा 1 से 8 तक के शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने हेतु विषयगत समझ, आधुनिक शिक्षण विधियों, शिक्षण सहायक सामग्रियों एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण पर विशेष बल दिया गया। समापन अवसर पर प्रतिभागी शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र वितरण के उपरांत अपने उद्बोधन में डायट प्राचार्य श्री रमेश कुमार तिवारी ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान, शैक्षिक मूल्यों एवं नवाचारों को अपने अध्यापन में समाहित करते हुए विद्यार्थियों तक ज्ञानवर्धन की प्रक्रिया को प्रभावी रूप से पहुँचाएँ। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण प्रभारी श्री पंकज कुमार यादव के योगदान की सराहना की। कुछ शिक्षकों ने प्रतिपुष्टि देते हुए कहा कि सामाजिक विज्ञान का प्रशिक्षण पहली बार हुआ है इस तरह इस विषय का प्रशिक्षण और भी होना चाहिए और उसे तीन दिन के बजाय 5 दिन करें ताकि हम लोग में और नवीन सहज और सरल तरीके से बच्चों को सीखने का अनुभव व जानकारी प्राप्त हो सके। समापन अवसर पर डायट के समस्त प्रवक्ता, प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारीगण एवं प्रतिभागी शिक्षक उपस्थित रहे।

Related posts

Leave a Comment