डीएम ने जनता दर्शन में सुनी समस्याएं, छात्र को पढ़ाई के लिए किया प्रोत्साहित

देवरिया, 20 मई
बुधवार को कलेक्ट्रेट में लगे जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एक छात्र को शिक्षा का महत्व बताकर प्रेरित भी किया।

तरकुलवा क्षेत्र के सोनहुला रामनगर गांव की रहने वाली प्रभावती देवी अपने बेटे नीरज के साथ डीएम के पास पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पड़ोस के लोगों ने उनके घर आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया है, जिस कारण पूरे परिवार को दिक्कत हो रही है।

जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम और तहसीलदार को तुरंत मौके पर जाकर कार्रवाई करने और रास्ता खुलवाने को कहा।

इसी बीच डीएम ने प्रभावती देवी के बेटे नीरज से बात की। नीरज ने बताया कि वह सरकारी स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता है। डीएम ने उससे गणित के कुछ सवाल पूछे तो उसने सभी के सही जवाब दिए। डीएम ने नीरज की तारीफ की और उसे मन लगाकर पढ़ने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई से ही जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है और देश-समाज के विकास में भागीदारी की जा सकती है।

इसके अलावा सदर तहसील के मुंडाडीह गांव के असगर अली ने भी जमीन के झगड़े को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने एसडीएम को जांच कर जल्द रिपोर्ट देने का आदेश दिया।

जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि लेखपाल और राजस्व विभाग के कर्मचारियों के काम पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या शिकायत मिलने पर दोषी कर्मचारियों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।

Related posts

Leave a Comment