45वीं नॉर्थ ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन
प्रयागराज। प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के दम पर प्रयागराज के युवा शॉटगन शूटिंग खिलाड़ी कार्तिकेय प्रताप सिंह ने एक बार फिर जनपद और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। जयपुर में आयोजित 45वीं नॉर्थ ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कार्तिकेय ने विभिन्न श्रेणियों में पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
जयपुर के जगतपुरा शूटिंग रेंज में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 14 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
कार्तिकेय ने प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर यूथ मेन कैटेगरी में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने जूनियर मेन कैटेगरी एवं सीनियर मेन कैटेगरी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विशेष बात यह रही कि अपने बेहतरीन स्कोर के आधार पर कार्तिकेय ने सीनियर वर्ग में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
यह उपलब्धि कार्तिकेय के लिए इस वर्ष की एक और बड़ी सफलता है। साल भर के भीतर यह उनका तीसरा पदक है, जिसके माध्यम से उन्होंने लगातार प्रयागराज का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी निरंतर सफलता यह साबित करती है कि आने वाले समय में वह भारतीय शूटिंग जगत के एक मजबूत और प्रतिभाशाली खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की क्षमता रखते हैं।
कार्तिकेय की सफलता पर उनके पिता, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व डइया राजवंश के सदस्य कुंवर दिवाकर प्रताप सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कार्तिकेय की सफलता के पीछे उनकी लगन, कठिन परिश्रम, धैर्य और अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण कारण हैं। उल्लेखनीय है कि कार्तिकेय को शूटिंग की प्रारंभिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण देने में उनके पिता कुंवर दिवाकर प्रताप सिंह स्वयं कोच की भूमिका निभा रहे हैं।
अपनी सफलता का श्रेय कार्तिकेय अपनी माता चंद्रिका सिंह, पिता एवं कोच कुंवर दिवाकर प्रताप सिंह को देते हैं। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए माता-पिता और गुरु का आशीर्वाद, मार्गदर्शन एवं विश्वास सबसे बड़ी शक्ति होता है। मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
ज्ञात हो कि कार्तिकेय देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय विश्वनाथ प्रताप सिंह (वी.पी. सिंह) के छोटे भाई कुंवर हरबक्स सिंह जी के प्रपौत्र हैं। शूटिंग के प्रति उनका लगाव और इस खेल में उनकी प्रतिभा को पारिवारिक विरासत एवं संस्कारों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्तिकेय की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर गणेश प्रसाद मिश्र, आशुतोष महाराज, अंजनी त्रिपाठी, गजेन्द्र प्रताप सिंह, प्रत्यूष त्रिपाठी, सत्यम सिंह, रोशन सिंह, बुद्धसेन पटेल सहित परिवारजनों एवं अनेक शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि कार्तिकेय प्रताप सिंह आने वाली राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर प्रयागराज, उत्तर प्रदेश और देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करेंगे।