हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई

कानपुर। फतेहपुर से बैंक की केवाईसी कराकर कानपुर लौट रहे दो दोस्तों को शराब पीकर बाइक चलाना और तेज रफ्तार में स्टंट करना भारी पड़ गया। मंगलवार शाम रामादेवी-नौबस्ता फ्लाईओवर पर कोयलानगर के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बाइक का हैंडल ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मृतक के साले ने मंगलवार रात करीब नौ बजे पुलिस को दी।मृतक की पहचान रतनलाल नगर की कच्ची बस्ती निवासी बलराम सिंह मौर्या (40) के रूप में हुई। वह टेनरी में काम करते थे। उनके साथ बाइक पर सहकर्मी राजा वाल्मीकि (28) भी था। राजा के मुताबिक, दोनों मंगलवार सुबह करीब 11 बजे फतेहपुर के खजुआ गांव स्थित बैंक में केवाईसी कराने गए थे। दोपहर करीब तीन बजे बैंक का काम पूरा होने के बाद दोनों ने खजुआ गांव में शराब पी और बाइक से कानपुर के लिए रवाना हो गए। हाईवे पर बलराम करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रहे थे। इस दौरान उन्होंने तीन बार बाइक चलाते समय हाथ छोड़कर स्टंट भी किया।राजा ने बताया कि उसने बलराम को कई बार तेज रफ्तार और स्टंट करने से मना किया था। उसने हादसा होने की आशंका भी जताई, लेकिन बलराम नहीं माने। शाम करीब 4:30 बजे रामादेवी-नौबस्ता फ्लाईओवर पर कोयलानगर के पास बलराम तेज रफ्तार में ट्रक को ओवरटेक करने लगे। इसी दौरान बाइक का हैंडल ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया।टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर करीब 15 मीटर दूर डिवाइडर से जा टकराई। बलराम ने हेलमेट पहना था, लेकिन उसका लॉक नहीं लगाया था। हादसे के दौरान हेलमेट सिर से निकल गया और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। राजा ने अपने कपड़े से बलराम के सिर पर कपड़ा बांधकर खून रोकने का प्रयास किया और राहगीरों से मदद मांगी। कुछ देर बाद वह भी बेहोश हो गया।राहगीरों की सूचना पर पुलिस दोनों को कांशीराम अस्पताल ले गई। होश में आने के बाद राजा को पता चला कि उसके साथी बलराम की मौत हो चुकी है। बलराम अपने पीछे पत्नी अंजू, बेटी छवि और बेटे ध्रुव को छोड़ गए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

Related posts

Leave a Comment