शाहाबाद/टोडरपुर (हरदोई), 12 सितंबर 2026।
ग्राम सिकंदरपुर बाजार में किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान क्रिसिल फाउंडेशन के प्रशिक्षक एवं बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, ई-केसीसी, किसान पंजीकरण, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना सहित अन्य किसान हितैषी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
क्रिसिल फाउंडेशन, नाबार्ड एवं भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत फील्ड कोऑर्डिनेटर अशोक कुमार, विकासखंड टोडरपुर ने किसानों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान, वित्तीय सुरक्षा, बीमा योजनाओं तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने किसानों से समय पर किसान पंजीकरण कराने, ई-केसीसी बनवाने, फसल बीमा कराने तथा सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने की अपील की। साथ ही केवाईसी, मोबाइल चार्जिंग के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से बचाव, साइबर अपराध से सुरक्षा तथा “अपनी पूंजी, अपना अधिकार” के प्रति किसानों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने बैंकिंग सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका समाधान किया गया। किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा आर्थिक रूप से जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
सिकंदरपुर बाजार में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित