ऋषभ के शतक से रॉयल क्रिकेट क्लब ने दर्ज की जीत >

रजत चौधरी का तेज अर्धशतकीय प्रयास नहीं आया काम

प्रयागराज। गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर खेले गए मुकाबले में रॉयल क्रिकेट क्लब ने न्यू समर्थ हॉस्पिटल को 10 रन से पराजित किया। रॉयल क्रिकेट क्लब के 194 रनों के लक्ष्य के जवाब में न्यू समर्थ हॉस्पिटल की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 184 रन ही बना सकी। शानदार शतकीय पारी खेलने वाले ऋषभ शुक्ला को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 194 रन बनाए। ऋषभ शुक्ला ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों पर 16 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। डॉक्टर मनीष सिंह ने 41 और आशुतोष प्रताप सिंह ने 22 रनों का योगदान दिया। न्यू समर्थ हॉस्पिटल की ओर से अमरनाथ यादव ने तीन विकेट चटकाए, जबकि अमन को एक विकेट मिला।
जवाब में उतरी न्यू समर्थ हॉस्पिटल की टीम ने लक्ष्य हासिल करने के लिए संघर्ष किया, लेकिन जीत से 10 रन दूर रह गई। अमन ने 32 गेंदों पर 43 और आस्तिक दुबे ने 23 गेंदों पर 29 रन बनाए। अमरनाथ यादव ने भी 16 गेंदों पर 22 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। अंतिम ओवरों में रजत चौधरी ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए महज 27 गेंदों पर 54 रन ठोक दिए। अमित श्रीवास्तव ने सात गेंदों पर 15 रन बनाकर उनका साथ दिया, लेकिन उनकी आतिशी बल्लेबाजी टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा सकी।
रॉयल क्रिकेट क्लब की ओर से साहेब लाल और राहुल ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि सुनील मिश्रा, सुबेंदु जैन और डॉक्टर राहुल माथुर को एक-एक सफलता मिली। मैच में रंजन भारती और रॉकी राज ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि सुधांशु ने स्कोरर का दायित्व संभाला।

Related posts

Leave a Comment