आज दिनांक 16 जनवरी, 2026 को महानिदेशक/रेलवे सुरक्षा बल/रेलवे बोर्ड, सुश्री सोनाली मिश्रा ने माघ मेला -2026 के दृष्टिगत रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन के दृष्टिगत झूसी, प्रयागराज छिवकी एवं प्रयागराज जंक्शन का निरीक्षण किया । इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा तथा भीड़ प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया गया । इस अवसर पर महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/ उत्तर मध्य रेलवे, श्री प्रदीप कुमार गुप्ता; मण्डल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल; अपर मण्डल रेल प्रबंधक/सामान्य, श्री दीपक कुमार; अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक/राजकीय रेलवे पुलिस, श्री प्रकाश डी.; पुलिस महानिरीक्षक/राजकीय रेलवे पुलिस, श्री एन. कोलान्ची; पूर्वोत्तर रेलवे के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, श्री सत्य प्रकाश; मुख्य सुरक्षा आयुक्त/उत्तर रेलवे, श्री पंकज गंगवार; स्टेशन निदेशक/प्रयागराज जंक्शन, श्री वी.के. द्विवेदी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे ।
महानिदेशक/रेलवे सुरक्षा बल ने झूसी, प्रयागराज छिवकी एवं प्रयागराज जंक्शन स्टेशनों के निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, टिकट काउंटर क्षेत्र, प्रतीक्षालय तथा सर्कुलेटिंग एरिया में सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया । सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । यात्रियों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी सुझाव एवं समस्याओं की जानकारी भी ली गई । स्टेशनों पर निरीक्षण के दौरान ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्लेटफॉर्म ड्यूटी, महिला यात्रियों की सुरक्षा, सामान की निगरानी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आरपीएफ एवं जीआरपी के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि संयुक्त प्रयासों से ही यात्रियों को सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुविधा प्रदान की जा सकती है । महानिदेशक/रेलवे सुरक्षा बल ने स्नान पर्वों पर प्रभावी भीड़ प्रबंधन तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए ।
महानिदेशक/रेलवे सुरक्षा बल, सुश्री सोनाली मिश्रा ने प्रयागराज जंक्शन स्थित मेला कंट्रोल रूम के विस्तृत निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण, गाड़ियों का आगमन-प्रस्थान, सिविल प्रशासन के साथ समन्वय, आपात स्थिति से निपटना, यात्रियों की सहायता इत्यादि जैसे कार्यों का संचालन और समन्वय के विषय में जानकारी प्राप्त की । मेला कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कक्ष में प्रयागराज क्षेत्र के स्टेशनों और सिविल एरिया के सीधे प्रसारण को देखकर नियंत्रण और निर्देश की प्रणाली स्थापित की गयी है । महानिदेशक/रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षा कर्मियों से कलर कोडिंग, यूनिडायरेक्शनल मूवमेंट की जानकारी के साथ आपात स्थिति से निपटने के संबंध में जानकारी प्राप्त की ।