प्रयागराज।
शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना जलकल विभाग, नगर निगम प्रयागराज की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में महापौर श्री गणेश केसरवानी ने दरभंगा कॉलोनी स्थित दुर्गा पूजा पार्क के समीप जलकल विभाग द्वारा बिछाई जा रही नई पेयजल पाइपलाइन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने जलकल विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण करने के स्पष्ट आदेश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराना जलकल विभाग, नगर निगम प्रयागराज की जिम्मेदारी है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने में प्रयुक्त सामग्री उच्च गुणवत्ता की हो तथा कार्य पूर्ण होने के पश्चात नियमित निरीक्षण एवं रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में पेयजल आपूर्ति से संबंधित किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम प्रयागराज शहर के प्रत्येक क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है और जलकल विभाग द्वारा संचालित योजनाएं आम नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर क्रियान्वित की जा रही हैं।
इस अवसर पर रूबी सक्सेना, रवि सक्सेना, आशीष चंद्र, सपन चटर्जी, टी०एन० दीक्षित, हिमालय सोनकर, कुलदीप गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय निवासीगण उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने के लिए जलकल विभाग एवं नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
जलकल विभाग, नगर निगम प्रयागराज नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
शुद्ध पेयजल आम नागरिकों का अधिकार : दरभंगा कॉलोनी में जलकल विभाग द्वारा बिछाई जा रही नई पेयजल पाइपलाइन का महापौर ने किया निरीक्षण