प्रयागराज : प्रयागराज एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के तत्वावधान में 1 यूपी समग्र तकनीकी रेजीमेंट (सी टी आर) एनसीसी, प्रयागराज द्वारा एमएनएनआईटी प्रयागराज परिसर में सिमुलेटर फायरिंग प्रशिक्षण का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण आधुनिक सैन्य तकनीक के माध्यम से कैडेट्स को व्यवहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
प्रयागराज एनसीसी ग्रुप के अंतर्गत संचालित सभी एनसीसी बटालियन एवं कंपनियाँ इस सिमुलेटर फायरिंग प्रशिक्षण में सहभागिता कर रही हैं। 1 यूपी समग्र तकनीकी रेजीमेंट (सीटीआर) प्रयागराज द्वारा जारी प्रशिक्षण शेड्यूल के अनुसार कैडेट्स को चरणबद्ध ढंग से सिमुलेटर फायरिंग का अभ्यास कराया जा रहा है।
इसी क्रम में आज 15 यूपी बटालियन एनसीसी, प्रयागराज के कैडेट्स ने सिमुलेटर फायरिंग प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में फायरिंग के दौरान सटीक निशाना साधने की क्षमता विकसित करना तथा फायरिंग से संबंधित तकनीकी एवं व्यवहारिक क्रियाकलापों को सुदृढ़ बनाना रहा।
कैडेट्स को प्वाइंट .22 राइफल के माध्यम से सिमुलेटर पर फायरिंग का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनकी एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं निशाने की सटीकता में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है। भारतीय सेना में फील्ड फायरिंग रेंज की सीमित उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए सिमुलेटर तकनीक को एक प्रभावी विकल्प के रूप में अपनाया गया है। यद्यपि विशेषज्ञों का मत है कि सिमुलेटर पूर्णतः वास्तविक प्रशिक्षण का स्थान नहीं ले सकते, फिर भी यह कैडेट्स को वास्तविक परिस्थितियों के निकट अनुभव प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सिमुलेटर फायरिंग प्रशिक्षण का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन 1 यूपी समग्र तकनीकी रेजीमेंट (सीटीआर) के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल राजेश्वरी प्रसाद कर रहे हैं। यह सिमुलेटर फायरिंग प्रशिक्षण कैडेट्स में अनुशासन, साहस, तकनीकी दक्षता एवं राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास सिद्ध हो रहा है।
सिमुलेटर फायरिंग प्रशिक्षण से एनसीसी कैडेट्स में निखर रही सैन्य दक्षता