नगर निगम कर्मियों के आश्रितों को मिला रोजगार का सहारा

महापौर गणेश केसरवानी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, परिवारों के चेहरों पर लौटी उम्मीद

“संवेदनशील प्रशासन का मानवीय चेहरा — महापौर ने आश्रित परिवारों को दिया आत्मनिर्भरता का संबल।”

प्रयागराज, 19 मई 2026।

नगर निगम प्रयागराज में सेवा के दौरान दिवंगत हुए कर्मचारियों के आश्रितों को संवेदनशील पहल के तहत नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। महापौर गणेश केसरवानी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में मृतक आश्रित नियमावली-1974 के अंतर्गत चयनित आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर नगर निगम प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कई परिवारों को रोजगार का सहारा मिला, जिससे उनके जीवन में नई आशा का संचार हुआ।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों को परिवार का हिस्सा मानता है और सेवा काल में किसी कर्मचारी की असामयिक मृत्यु होने पर उनके परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति केवल नौकरी नहीं, बल्कि उन परिवारों के प्रति नगर निगम की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

नगर आयुक्त के आदेशानुसार संपन्न हुई चयन समिति की बैठक में पात्र आश्रितों के नामों पर सहमति बनने के बाद उन्हें विभिन्न पदों पर नियुक्ति प्रदान की गई। नियुक्ति प्राप्त करने वालों में सफाई कर्मचारी, चपरासी, चौकीदार एवं जमादार जैसे पद शामिल हैं। सभी को वेतन मैट्रिक्स लेवल-1 के अंतर्गत नियुक्त किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले परिवारों ने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कई आश्रितों की आंखों में भावुकता साफ दिखाई दी, क्योंकि लंबे समय से आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहे परिवारों को अब स्थायी रोजगार का सहारा मिल गया है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम कर्मचारियों की मेहनत और सेवा भावना से ही शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी नियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी मृतक आश्रित नियमावली के अंतर्गत पात्र परिवारों को नियमानुसार लाभ प्रदान किए जाते रहेंगे, ताकि किसी भी कर्मचारी के परिवार को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।

नियुक्ति प्राप्त करने वाले आश्रितों में कु० निशा पुत्री स्व० लक्ष्मी देवी को सफाई कर्मचारी, श्रीमती निर्मला यादव पत्नी स्व० जोगेन्द्र सिंह को चपरासी, श्रीमती पूजा देवी पत्नी स्व० चन्द्र शेखर को सफाई कर्मचारी, श्रीमती सीमा कुमारी पत्नी स्व० मुकेश कुमार को सफाई कर्मचारी, श्री विरेन्द्र कुमार पुत्र स्व० जोगेन्द्र प्रसाद को सफाई कर्मचारी, श्रीमती पूजा कुमारी पुत्री (विधवा) स्व० मुन्ना को सफाई कर्मचारी, मो० फरजान पुत्र स्व० मुजीब अहमद को चौकीदार, श्री ज्वाला पुत्र स्व० मुन्ना को जमादार, श्री अशोक कुमार पुत्र स्व० राज बहादुर पाल को चपरासी तथा श्री अनिल कुमार (दत्तक) पुत्र स्व० बहादुर को सफाई कर्मचारी पद पर नियुक्ति प्रदान की गई।

Related posts

Leave a Comment