प्रयागराज जंक्शन पर प्लेटफॉर्म की नंबरिंग से यात्री बेहाल, यात्री तलाशते रह जाते हैं नंबर छह

प्रयागराज जंक्शन पर प्लेटफॉर्म नंबर का क्रम सही न होने से यात्री रोजाना परेशान हो रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत प्लेटफॉर्म-छह को लेकर है। उसे खोजने में यात्रियों को खासी दिक्कत होती है। स्थिति यह है कि प्लेटफॉर्म-एक से पांच के बाद सीधे नंबर सात आ जाता है। इससे नए यात्रियों को बड़ी दिक्कत होती है। जंक्शन पर 10 प्लेटफॉर्म है।प्लेटफॉर्म-छह की स्थिति ऐसी है कि यदि किसी यात्री को छह नंबर से सात, आठ, नौ या 10 नंबर प्लेटफॉर्म पर जाना हो तो उसे एक बार नहीं बल्कि दो-दो बार फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) चढ़ना और उतरना पड़ता है। सबसे पहले उसे प्लेटफॉर्म-छह के एफओबी में चढ़ना होगा। इसके बाद प्लेटफॉर्म नंबर चार-पांच या दो-तीन नंबर पर उतरना होगा। फिर तकरीबन 100 मीटर से ज्यादा चलने के बाद लाइन शाह बाबा मजार वाले फुट ओवर ब्रिज पर चढ़कर सात से 10 नंबर प्लेटफॉर्म तक जाना होगा।भारी-भरकम सामान, बुजुर्ग और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले लोगों को काफी दिक्कत होती है। इस गंभीर समस्या को लेकर रेलवे प्रशासन भी अनजान नहीं है। खास बात यह है कि यात्री सलाहकार समिति की बैठक में भी यह मुद्दा उठ चुका है। एनसीआर प्रयागराज मंडल की डीआरयूसीसी सदस्य रह चुके शिवशंकर सिंह और पवन श्रीवास्तव का कहना है कि प्लेटफॉर्म की नंबरिंग को सरल और क्रमानुसार करना चाहिए।

जंक्शन पर पुनर्विकास का कार्य चल रहा है। यहां दो और प्लेटफाॅर्म का निर्माण होना है। यात्रियों की सुविधा के लिए जंक्शन पर संकेतक भी लगे हैं। सभी प्लेटफॉर्म की नंबरिंग को लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी। – शशिकांत त्रिपाठी, सीपीआरओ, एनसीआर

Related posts

Leave a Comment