अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद की 120वीं जयंती पर आयोजित भव्य नाट्य प्रस्तुति

प्रयागराज की नाट्य संस्था सॉफ्ट पावर आर्ट एंड कल्चर रंगमंडल (सत्र 2026–2027) द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम के समाचार को जनहित में अपने प्रतिष्ठित समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित करने का कष्ट करें।

प्रयागराज, 23 जुलाई। प्रयागराज की नाट्य संस्था सॉफ्ट पावर आर्ट एंड कल्चर रंगमंडल (सत्र 2026–2027) द्वारा अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद की 120वीं जयंती के अवसर पर आज़ाद पार्क स्थित आज़ाद मंच (गेट नंबर-3) पर द थिएटर वर्कशॉप के सहयोग तथा सांस्कृतिक विभाग, लखनऊ के सहयोग से एक भव्य ऐतिहासिक नाट्य प्रस्तुति का सफल मंचन किया गया। यह प्रस्तुति संस्था द्वारा आयोजित 20 दिवसीय नाट्य कार्यशाला का समापन समारोह भी रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री राजू जायसवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन युवाओं के लिए साहस, त्याग, राष्ट्रभक्ति और आत्मसम्मान की अनुपम प्रेरणा है। उन्होंने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपने इतिहास और महान क्रांतिकारियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

नाटक की परिकल्पना, लेखन एवं निर्देशन ज्ञान चंद्रवंशी द्वारा किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय, प्रभावशाली संवाद, संगीत एवं मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से चंद्रशेखर आज़ाद, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, लाला लाजपत राय तथा अन्य महान क्रांतिकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। नाट्य मंचन ने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया तथा पूरा आज़ाद मंच देशभक्ति के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकारों, रंगकर्मियों, कलाकारों, छात्र-छात्राओं, गणमान्य नागरिकों एवं कला-प्रेमियों ने सहभागिता की और कलाकारों के अभिनय की मुक्तकंठ से सराहना की।

पात्र परिचय: चंद्रशेखर आज़ाद – शिवाकांत मौर्य, किशोर चंद्रशेखर – अमन पटेल, लाला लाजपत राय – भूपेंद्र सिंह, राजगुरु – उज्ज्वल सिंह, सुखदेव – सतेंद्र राव, जॉन नॉट बाबर – सुविनय वत्स, भगत सिंह – मनोरंजन, रानी लक्ष्मीबाई – आलिया, सूत्रधार – अंशिका, वंशिका एवं वेदांत, डीआईजी – धीरेंद्र, जय गोपाल – अविनाश। ध्वनि: सूरज एवं अज़ीम रिज़वी। निर्देशक: ज्ञान चंद्रवंशी।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने मुख्य अतिथि श्री राजू जायसवाल, सभी कलाकारों, प्रशिक्षकों, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रप्रेरक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के निरंतर आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

Related posts

Leave a Comment