कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर में सोमवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे बाइक सवार तीन बदमाश एक घर में घुस गए। घर में मौजूद करीब 45 वर्षीय महिला और 17 वर्षीय किशोर को किचन में बंद कर बदमाश नकदी और आभूषण लेकर फरार हो गए। घरेलू सहायिका के पहुंचने पर दोनों बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी गई।परिजनों के अनुसार बदमाश करीब आठ लाख रुपये कीमत की नकदी और आभूषण ले गए हैं। इसमें कुछ कृत्रिम आभूषण भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार लूटे गए सामान और उसकी कीमत की पुष्टि की जा रही है। प्रारंभिक जांच में गंभीर मारपीट की बात सामने नहीं आई है। किशोर के हाथ में हल्की चोट मिली है।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ एसीपी, एडीसीपी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से बदमाशों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगा रही है।घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
श्यामनगर में मां-बेटे को बंधक बनाकर आठ लाख की लूट