ऊँचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर सुल्तान गांव में सोमवार सुबह एक घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद पति ने पत्नी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पत्नी को लहूलुहान देख पति घबरा गया और आत्महत्या की नीयत से जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामचंद्र मौर्य का अपनी पत्नी शकुंतला से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रामचंद्र ने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर डंडे से वार कर दिया। वार इतना तेज था कि शकुंतला के सिर से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।पत्नी की हालत बिगड़ती देख रामचंद्र घबरा गया। बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या की नीयत से जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊँचाहार पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, पत्नी पर डंडे से हमला करने के बाद पति ने खाया जहर, दोनों अस्पताल में भर्ती