सीवर लाइन धंसने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश।
चौखंडी से काली घाट तक पंपिंग स्टेशनों और सफाई व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लापरवाही पर जताई नाराज़गी; जलभराव मुक्त एवं स्वच्छ प्रयागराज के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
प्रयागराज, 06 अगस्त।
मानसून के दौरान शहर को जलभराव एवं बाढ़ जैसी परिस्थितियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने वार्ड संख्या-94 के अंतर्गत चौखंडी यमुना बैंक रोड स्थित गेट नंबर-13 एवं गेट नंबर-9 पर स्थापित स्थायी बाढ़ पंपिंग स्टेशन, बक्शी बांध बाढ़ पंपिंग स्टेशन तथा काली घाट स्थित प्रेरणा स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निकासी, पंपिंग स्टेशनों की कार्यप्रणाली, सफाई व्यवस्था तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का विस्तार से निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने सभी पंपिंग स्टेशनों की कार्यक्षमता का परीक्षण कराया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के दौरान सभी पंप, जनरेटर एवं अन्य तकनीकी उपकरण पूरी क्षमता के साथ संचालित रहें। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या से नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से ही पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान महापौर को सूचना मिली कि बक्शी बांध बाढ़ पंपिंग स्टेशन के समीप गंगा प्रदूषण निवारण परियोजना की सीवर लाइन धंस गई है, जिससे भविष्य में जल निकासी प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो सकती है। सूचना मिलते ही महापौर तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इस लापरवाही पर गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा सीवर लाइन की तत्काल मरम्मत कर जल निकासी व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के आदेश दिए।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि बरसात के मौसम में जल निकासी व्यवस्था नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जाए, नालों की सफाई समयबद्ध रूप से होती रहे तथा बाढ़ पंपिंग स्टेशनों पर 24 घंटे आवश्यक संसाधन एवं कर्मचारी उपलब्ध रहें।
इसके पश्चात महापौर ने काली घाट स्थित प्रेरणा स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने परिसर की स्वच्छता, जल निकासी एवं रखरखाव व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रेरणा स्थल की साफ-सफाई, सौंदर्य एवं जल निकासी व्यवस्था नियमित रूप से बनाए रखी जाए ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की तथा कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा प्रत्येक कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद रूद्र सेन जायसवाल, मुकेश लारा, शिव सेवक सिंह पटेल, विवेक अग्रवाल, अंकुश शर्मा, शुभम वैद्य, महाप्रबंधक जलकर संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता जलकल संदीप उपाध्याय, अवर अभियंता जलकल विश्वलेंद्र, अवर अभियंता राम सक्सेना, सफाई इंस्पेक्टर अर्चना विश्वकर्मा सहित नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिकों की सुविधा एवं शहर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक कार्य में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रयागराज को जलभराव मुक्त, स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर बनाए रखने का लक्ष्य प्रभावी रूप से पूरा किया जा सके।