नागपंचमी पर नागवासुकी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

प्रयागराज, 17 अगस्त 2026। नागपंचमी पर्व के अवसर पर दारागंज स्थित प्रसिद्ध नागवासुकी मंदिर में सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर नागवासुकी भगवान की पूजा-अर्चना की और दूध व लावा चढ़ाकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मंदिर परिसर में मौजूद रही। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को शालीनता और व्यवस्थित तरीके से दर्शन करा रहे हैं। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कालसर्प दोष का पूजन भी करा रहे हैं। इसके लिए पुरोहितों द्वारा विधि-विधान से पूजा कराई जा रही है। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की काफी भीड़ दिखाई दी। नागपंचमी को लेकर कई धार्मिक कथाएं और मान्यताएं प्रचलित हैं। इनमें एक प्रमुख कथा महाभारत काल से जुड़ी है। मान्यता के अनुसार राजा परीक्षित की मृत्यु नाग के कारण होने के बाद उनके पुत्र जनमेजय ने नागों के विनाश के लिए यज्ञ कराया था। यज्ञ के दौरान बड़ी संख्या में नागों का संहार होने लगा। बताया जाता है कि इसी दौरान आस्तिक मुनि ने यज्ञ को रोक दिया, जिससे सर्प जाति का विनाश रुक गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी घटना के बाद नागपंचमी पर नागों की पूजा करने की परंपरा शुरू हुई।

Related posts

Leave a Comment