दाधिकान्दों मेला सलेम सराय की तैयारियों का महापौर गणेश केसरवानी ने लिया जायजा

सफाई, मार्ग प्रकाश, पेयजल, शौचालय और यातायात मार्ग को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
प्रयागराज। आगामी दिनों में आयोजित होने वाले दाधिकान्दों मेला सलेम सराय को लेकर नगर निगम प्रयागराज द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने मेला क्षेत्र एवं चौकी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। महापौर ने अधिकारियों एवं मेला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सादाब असलम, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर अरविंद, सफाई निरीक्षक अंकित, अविनाश, अवर अभियंता राकेश विश्वकर्मा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। महापौर ने चौकी मार्ग सहित मेला क्षेत्र से जुड़े प्रमुख मार्गों एवं गलियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेला कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि मेला मार्ग से जुड़ने वाली गलियों की सफाई, मार्ग पर पंचिंग एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का कार्य काफी हद तक पूर्ण किया जा चुका है। मेला कमेटी ने कुछ स्थानों पर पड़े मलवे के शीघ्र निस्तारण, समुचित सफाई तथा मार्ग प्रकाश की व्यवस्था को और बेहतर किए जाने की मांग रखी। मेला कमेटी द्वारा पूर्व निर्धारित एवं चिन्हित स्थानों पर 10 अस्थायी शौचालय तथा 15 पेयजल टैंकर लगाए जाने की मांग भी महापौर के समक्ष रखी गई। इसके साथ ही मेला मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार अस्थायी मार्ग प्रकाश की व्यवस्था किए जाने का अनुरोध किया गया। मेला कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नगर निगम द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष मेले की तैयारियां व्यवस्थित एवं बेहतर तरीके से की गई हैं। कमेटी के सदस्यों ने कहा कि नगर निगम द्वारा समय से व्यवस्थाओं पर ध्यान दिए जाने से मेला आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है। मेला कमेटी के सदस्यों ने यह भी कहा कि मेला सकुशल एवं सफलतापूर्वक संपन्न होने के पश्चात पूरी कमेटी की ओर से महापौर गणेश केसरवानी का अभिनंदन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान महापौर गणेश केसरवानी ने उपस्थित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मेला मार्ग एवं उससे जुड़े सभी प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए। महापौर ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर जहां भी तार नीचे या लटके हुए हैं, उन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर किया जाए। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, मलवा एवं कूड़ा तत्काल हटाने, कीटनाशक का छिड़काव कराने तथा चोक सीवर एवं नालियों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीवर लाइन में लीकेज वाले स्थानों को चिन्हित कर तत्काल ठीक कराने तथा मार्गों पर टूटे हुए सीवर के ढक्कनों को बदलने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता वाले स्थानों पर पैचवर्क कराकर सड़क को आवागमन के लिए सुगम बनाने को कहा। महापौर ने मेला मार्ग की मार्ग प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को मेले से पूर्व बदल दिया जाए तथा जिन स्थानों पर स्थायी प्रकाश व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, वहां अस्थायी एवं अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के आने की संभावना रहती है, इसलिए रात के समय किसी भी मार्ग पर अंधेरा न रहे और पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालय एवं पेयजल टैंकर लगाए जाएं। पेयजल टैंकरों के स्थान ऐसे निर्धारित किए जाएं, जहां श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सके। शौचालयों की नियमित सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान आने वाले नागरिकों की सुविधा नगर निगम की प्राथमिकता है और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। महापौर ने मेला मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में आवारा पशुओं की समस्या को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले से पहले विशेष अभियान चलाकर आवारा पशुओं को पकड़ा जाए। उन्होंने कहा कि मेला मार्ग पर यातायात एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान किसी प्रकार की बाधा या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पहले से प्रभावी कार्रवाई की जाए। महापौर गणेश केसरवानी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मेले की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले से पहले प्रत्येक व्यवस्था को पूर्ण करें, ताकि श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं मेला कमेटी को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने नगर निगम अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की और आवश्यक स्थानों की जानकारी उपलब्ध कराई। महापौर ने कहा कि मेला कमेटी द्वारा बताई जाने वाली व्यावहारिक आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता से पूरा किया जाए और आयोजन के दौरान भी नगर निगम की टीमें सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। इस अवसर पर मेला अध्यक्ष श्री पीयूष केसरवानी, श्री प्रेम नारायण केसरवानी, श्री नरेंद्र खेड़ा, श्री सुनील केसरवानी, श्री राकेश जैन, कामिनी कुशवाहा, शिवा भारतीय, सुनीता सिंह, दीपिका पटेल, श्री मासूम केसरवानी, श्री दिग्विजय सिंह, श्री शिवसेवक सिंह, पार्षद श्री दिलीप कुशवाहा, पार्षद श्री राममिलन, जिला कोषाध्यक्ष राम लोचन साहू, आकाश गुप्ता, अपर नगर आयुक्त सादाब असलम, अधिशासी अभियंता अनिल मौर्य, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, महाप्रबंधक जल कल संजीव कुमार सहित नगर निगम एवं मेला कमेटी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

Leave a Comment