निर्दलीय भावी प्रत्याशी ने मांगा जनता का समर्थन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी को बनाया प्रमुख मुद्दा
सरेनी, रायबरेली। जनपद रायबरेली की चर्चित सरेनी विधानसभा क्षेत्र-182 में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ समाजसेवी संतोष कुमार वर्मा ने क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों से समर्थन मांगा और सरेनी के विकास को लेकर अपना संकल्प दोहराया।
संतोष कुमार वर्मा का कहना है कि यदि जनता ने उन पर विश्वास जताया तो बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उनका दावा है कि जनप्रतिनिधि के रूप में अवसर मिलने पर सरेनी विधानसभा का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता होगी। बगैर किसी राजनीतिक पद अथवा राजनीतिक पृष्ठभूमि के सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले वर्मा क्षेत्र में विभिन्न जनसेवा कार्यों को लेकर चर्चा में रहते हैं। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, वह बच्चों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने, पेयजल की व्यवस्था, आवागमन वाले मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, मंदिरों में साज-सज्जा, चिकित्सा शिविर एवं धार्मिक आयोजनों के आयोजन के साथ आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय लोगों की मदद करते रहे हैं। इसके अलावा वह जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष उठाने के लिए भी सक्रिय रहे हैं। इन्हीं सामाजिक गतिविधियों के बीच संतोष कुमार वर्मा ने क्षेत्रीय जनता के समर्थन का हवाला देते हुए सरेनी-182 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरने का संकल्प लिया है। उनका कहना है कि जनता का आशीर्वाद मिला तो वर्तमान से भी अधिक प्रभावी ढंग से क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिलेगा।