डीसीपी सिटी सागर जैन ने अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश
प्रयागराज। जिलाधिकारी प्रयागराज के निर्देश पर जिला व्यापार बंधु समिति के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन स्थित त्रिवेणी सभागार में व्यापारियों की पुलिस संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसीपी नगर सागर जैन ने भारी पुलिस अमले के साथ की।जिलाधिकारी के निर्देश पर व्यापारियों की पुलिस से संबंधित समस्याओं के लिए अलग से बैठक आयोजित करने की व्यवस्था शुरू की गई है। बैठक की उपयोगिता को देखते हुए इसे प्रत्येक माह आयोजित किए जाने की संभावना है, जिससे व्यापारियों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिल सके।अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अनिमेष अग्रवाल ने बताया कि बैठक में विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं डीसीपी सिटी के समक्ष रखीं।बैठक में अतिक्रमण, जाम, चाइनीज मांझा, ई-रिक्शा, कोतवाली क्षेत्र में रविवार को लगने वाली बेतरतीब स्ट्रीट मार्केट, सिविल लाइंस क्षेत्र में वाहनों के अंदर शराब का सेवन, अराजक तत्वों द्वारा वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाने, निरंजन सिनेमा से घंटाघर तक दोनों तरफ पार्किंग की व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी सिटी सागर जैन ने संबंधित अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।शाहगंज सर्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिमेष अग्रवाल ने बाजार में पुलिस पिकेट बढ़ाने, नशेड़ियों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा पार्किंग की समस्या के समाधान की मांग रखी। इस पर भी डीसीपी सिटी द्वारा संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश जारी किए गए।बैठक में सिविल लाइंस व्यापार मंडल, प्रयाग व्यापार मंडल, प्रयागराज व्यापार मंडल, झूंसी व्यापार मंडल, इलाहाबाद होटल एसोसिएशन, जिला महिला व्यापार मंडल, रोशन बाग व्यापार मंडल, बरौली व्यापार मंडल,धूमनगंज व्यापार मंडल और फाफामऊ व्यापार मंडल सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।