डीडीयू की एंटी रैगिंग कमेटी में युवा चेतना समिति को मिली जगह, अध्यक्ष मांधाता सिंह से मांगा प्रतिनिधि

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए गठित हो रही एंटी रैगिंग कमेटी में युवा चेतना समिति को भी शामिल किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के नियंता एवं विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट कार्यालय ने समिति के अध्यक्ष मांधाता सिंह को पत्र भेजकर स्वयं अथवा अपने किसी प्रतिनिधि का नाम प्रस्तावित करने को कहा है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि रैगिंग जैसी अमानवीय और भयावह कुप्रथा की रोकथाम एवं उन्मूलन के लिए शासन तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देशों के क्रम में एंटी रैगिंग कमेटी का गठन किया जाना है। इसी प्रक्रिया के तहत युवा चेतना समिति से भी सहभागिता मांगी गई है।
इस क्रम में युवा चेतना समिति के अध्यक्ष मांधाता सिंह ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह से मुलाकात की। दोनों के बीच छात्रहित, युवा जागरूकता, सामाजिक सरोकारों और शैक्षणिक वातावरण को अधिक सकारात्मक एवं संवेदनशील बनाने को लेकर चर्चा हुई।मांधाता सिंह ने कुलपति को युवा चेतना समिति की गतिविधियों तथा सामाजिक, शैक्षणिक और वैचारिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी और मुख्य संरक्षक के रूप में मार्गदर्शन देने का आग्रह किया, जिस पर कुलपति ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
मांधाता सिंह ने कहा कि रैगिंग की रोकथाम के लिए केवल नियम और कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के बीच संवाद, संवेदनशीलता और परस्पर सम्मान की भावना विकसित करना भी जरूरी है। युवा चेतना समिति विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ मिलकर छात्रहित और जागरूकता के कार्यक्रमों में सहयोग के लिए तैयार है।

Related posts

Leave a Comment