पूर्वोत्तर रेलवे के निरीक्षक श्री दशरथ प्रसाद ने व्यक्तिगत एवं युगल स्पर्धाओं में उप निरीक्षक सुश्री ममता यादव के साथ जीते कुल 05 पदक
गोरखपुर, 04 अक्टूबर, 2026: रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.), पूर्वोत्तर रेलवे के जवान अपनी नियमित ड्यूटी के दौरान सुरक्षा एवं अन्य दायित्वों के साथ-साथ खेलों में भी उच्च स्तर का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में, मुम्बई में 30 सितम्बर से 02 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित 42वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) बैडमिंटन चैम्पियनशिप में सभी क्षेत्रीय रेलों के रेलवे सुरक्षा बल के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस चैम्पियनशिप में पूर्वोत्तर रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हुये निरीक्षक श्री दशरथ प्रसाद ने विभिन्न आयु एवं युगल वर्गों में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर कुल 05 पदक हासिल किये। निरीक्षक श्री दशरथ प्रसाद ने 50+ पुरुष एकल वर्ग में कांस्य, 45+ मिश्रित युगल वर्ग में उप निरीक्षक सुश्री ममता यादव के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुये रजत तथा ओपन मिश्रित युगल वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में श्री दशरथ प्रसाद ने अन्य पदकों सहित कुल 05 पदक जीतकर पूर्वोत्तर रेलवे को गौरवान्वित किया। निरीक्षक श्री दशरथ प्रसाद को इस शानदार उपलब्धि पर महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल श्री सत्य प्रकाश ने बधाई एवं शुभकामनायें दीं।