डीएम ने शासकीय भवनों, परियोजनाओं एवं विद्यालयों में विद्युत संयोजन कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

रायबरेली-05 अक्टूबर 2026,
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शासकीय भवनों, विभिन्न निर्माणाधीन एवं पूर्ण परियोजनाओं तथा विद्यालयों में विद्युत संयोजन उपलब्ध कराए जाने के संबंध में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संबंधित विभागों द्वारा विद्युत संयोजन के लिए किए जा रहे कार्यों, लंबित प्रकरणों तथा आवश्यक कार्यवाही की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित एवं पूर्ण हो चुकी शासकीय परियोजनाओं, विद्यालयों तथा अन्य सरकारी भवनों में विद्युत संयोजन की स्थिति का विभागवार परीक्षण करते हुए जहां विद्युत संयोजन लंबित है, वहां आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में विद्युत संयोजन के अभाव में भवनों का संचालन प्रभावित हो रहा है, ऐसे प्रकरणों को चिन्हित कर आपसी समन्वय से शीघ्र निस्तारित किया जाए।
उन्होंने विद्युत विभाग एवं संबंधित निर्माणदायी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत संयोजन से संबंधित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो तथा आवश्यक औपचारिकताओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराते हुए कार्यों को आगे बढ़ाया जाए, साथ ही, जिन स्थानों पर विद्युत संयोजन के लिए किसी प्रकार की तकनीकी अथवा विभागीय समस्या आ रही है, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शासकीय भवनों एवं परियोजनाओं में उपलब्ध कराई जा रही विद्युत व्यवस्था मानकों के अनुरूप एवं सुरक्षित होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा विद्युत संयोजन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात विद्युत विभाग की विभागीय समीक्षा कर रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने, समय सीमा के अंतर्गत ट्रांसफर बदलने व अन्य विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत अखिलेश कुमार, धर्म विजय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप द्विवेदी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सुधीर गिरी, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) रणविजय सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत कपिल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

Leave a Comment