गोरखपुर, 05 अक्टूबर, 2026ः महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर ने 05 अक्टूबर, 2026 को गोरखपुर जं. स्टेशन पर गाड़ी संख्या 12555 गोरखपुर-बठिण्डा गोरखधाम एक्सप्रेस एवं प्लेटफॉर्म संख्या-9 पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में यात्रा कर रहे रेल यात्रियों से जनसंवाद किया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री रवीश कुमार, वरिष्ठ रेल अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने गोरखपुर जं. स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के निरीक्षण के दौरान स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण का आरम्भ महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने गाड़ी संख्या 12555 गोरखपुर-बठिण्डा गोरखधाम एक्सप्रेस के शयनयान श्रेणी के एस-1 कोच से किया, जहाँ उन्होंने पाश्चात्य एवं भारतीय शैली के प्रसाधनों, वॉश-बेसिन एवं प्रकाश व्यवस्था को देखा। इसके उपरान्त श्री बोरवणकर ने वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के बी-6, 7 एवं 8 कोचों में रेल यात्रियों को उपलब्ध कराये जा रहे लिनेन, तकियों, तौलियों एवं कम्बलों का अवलोकन कर उसकी साफ-सफाई तथा रख-रखाव का निरीक्षण किया। उन्होंने कोच अटेंडेंट को लिनेन का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने एवं उसे सही स्थान पर रखने हेतु निर्देशित किया। महाप्रबन्धक ने प्रसाधनों के फ्लशिंग सिस्टम एवं आस-पास के स्थान का गहन निरीक्षण कर जलापूर्ति एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने हेतु तथा कोचों सहित प्रसाधनों को नियमित अन्तराल पर साफ करने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के कोचों में पर्दे की साफ-सफाई, चार्जिंग प्वाइंट, कोच के रास्ते में लगी पीली पट्टी, वायरिंग सिस्टम आदि को देखा। श्री बोरवणकर ने कोच के अन्दर लगे अस्पष्ट स्टीकरों को हटाने तथा ‘रेल मदद-139‘ एवं ‘धूम्रपान निषेध‘ जैसे आवश्यक एवं जागरूकता वाले स्टीकरों को स्पष्ट तरीके से निश्चित तथा पहुँच वाले स्थान पर लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने ट्रेन में आवश्यक रूप से समयबद्ध अनुरक्षण तथा वातानुकूलित प्रथम श्रेणी कोच में पेंटिग्स लगवाने का सुझाव दिया। श्री बोरवणकर ने सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोचों में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान महाप्रबन्धक ने यात्रा कर रहे रेल यात्रियों से संवाद कर फीडबैक भी प्राप्त किये।
इसके पश्चात महाप्रबन्धक श्री बोरवणकर ने प्लेटफॉर्म संख्या-9 के खान-पान स्टॉलों का बृहद निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुये आवश्यक सुधार हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने पे एंड यूज शौचालय में साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। महाप्रबन्धक ने प्लेटफॉर्म संख्या-9 पर निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज (एफ.ओ.बी.) के कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया और सम्बन्धित अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने हेतु दिशा-निर्देश दिया। श्री बोरवणकर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनका आवागमन सुगम हो।