गोरखपुर, 06 अक्टूबर, 2026ः पूर्वोत्तर रेलवे पर 01 से 15 अक्टूबर, 2026 तक चलाये जा रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा‘ अभियान के अन्तर्गत मुख्यालय, गोरखपुर तथा तीनों मंडलों के प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छ वातावरण एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाये जाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इसी क्रम में, 06 अक्टूबर, 2026 को मुख्यालय, गोरखपुर के विभिन्न कार्यालयों में यांत्रिक विभाग के ई.एन.एच.एम. अनुभाग द्वारा स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके अन्तर्गत परिचालन, चिकित्सा, संरक्षा एवं वाणिज्य विभागों के कार्यालयों में साफ-सफाई की गई। कार्यालयों में सामूहिक रूप से कर्मचारियों ने साफ-सफाई का कार्य किया। अभियान के दौरान कर्मचारियों को स्वच्छता को दैनिक कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने, कार्यस्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने के लिये प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति सजग एवं जागरूक रहने तथा अपने कार्यस्थल को सदैव स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
लखनऊ मंडल के गोरखपुर जं., खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, लखनऊ जं., सीतापुर, मैलानी आदि स्टेशनों तथा रेलवे कॉलोनियों, कोचिंग डिपो, लोको शेड इत्यादि में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सम्बन्धी जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे कूड़े-कचरे एवं झाड़ियों की गहन सफाई की गई।
वाराणसी मंडल के आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ, बेलथरा रोड, सलेमपुर एवं प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर कार्यरत स्वास्थ्य निरीक्षकों ने संविदा कर्मचारियों एवं रेल कर्मचारियों के साथ मिलकर स्वच्छता सम्बन्धी नारे, पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से जन जागरूकता रैली निकाली। साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रेल यात्रियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। शहरी स्थानीय निकायों के सहयोग से स्टेशनों से सटे रेलवे ट्रैक के किनारे से कचरा हटाया गया। ट्रैक के आसपास गहन सफाई सुनिश्चित की गई। रेलवे कॉलोनियों एवं अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में गहन सफाई अभियान चलाया गया। स्टेशनों पर जनसम्बोधन प्रणाली के माध्यम से रेल यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रेल यात्रियों से स्टेशन को साफ रखने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की गई।
इज्जतनगर मंडल पर स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों की सफाई की गई, जिससे ट्रैक की दृश्यता एवं सिगनल साइटिंग में सुधार के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त समपार फाटक, गेट लॉज, केबिन एवं ट्रैक के आसपास स्थित रेलवे आवासीय क्षेत्रों के निकट कचरे को हटाया गया। संग्रहित कचरे का पृथक्करण करते हुये पुनर्चक्रण योग्य एवं गैर-पुनर्चक्रण योग्य/जैव-अवक्रमणीय कचरे को अलग-अलग किया गया। कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण एवं प्रसंस्करण के लिये सम्बन्धित शहरी स्थानीय निकायों (यू.एल.बी.)/नगर निकायों एवं अधिकृत अपशिष्ट प्रसंस्करण एजेंसियों के साथ समन्वय किया गया। अभियान में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, ट्रैकमैन, गैंगमैन एवं सफाई मित्रों ने सक्रिय भागीदारी की।
‘स्वच्छता पखवाड़ा‘ अभियान के माध्यम से पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।