अपर महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे, श्री विनोद कुमार शुक्ल ने ड्रेनेज सिस्टम तथा रेल म्यूजियम का गहन निरीक्षण किया

गोरखपुर, 12 अक्टूबर, 2026ः अपर महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे, श्री विनोद कुमार शुक्ल ने 12 अक्टूबर, 2026 को स्वच्छता अभियान के परिप्रेक्ष्य में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर कार्यालय, गोरखपुर के पश्चिमी तरफ में स्थित ड्रेनेज सिस्टम तथा रेल म्यूजियम का गहन निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबन्धक श्री शुक्ल ने प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर कार्यालय के पश्चिमी तरफ से रेल म्यूजियम तक जाने वाले मार्ग के फुटपाथ की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा आसपास उगी झाड़ियों की कटाई कर क्षेत्र का सौन्दर्यीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी की सुचारु निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम में आवश्यक सुधार करने तथा निर्धारित स्थानों पर लैंडमार्क चिन्हित कर फेंसिंग लगाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने क्षेत्र को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

इसके पश्चात अपर महाप्रबन्धक श्री विनोद कुमार शुक्ल ने रेल म्यूजियम का निरीक्षण किया। उन्होंने महाप्रबन्धक के निर्देशानुसार चल रहे सौन्दर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने रेल म्यूजियम में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों तथा स्क्रैप सामग्री से निर्मित कलाकृतियों के उचित रख-रखाव, नियमित साफ-सफाई एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि इन धरोहरों की ऐतिहासिक महत्ता बनाए रखने के साथ ही म्यूजियम को और अधिक आकर्षक बनाया जा सके।

अपर महाप्रबन्धक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता, जल निकासी एवं सौन्दर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, जिससे रेलवे परिसर के आस पास स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित हो सके।

Related posts

Leave a Comment