सरेनी सीएचसी में रक्तदान : डॉक्टरों और समाजसेवियों ने पेश की मानवता की मिसाल

जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के संकल्प के साथ रक्तदान के लिए आगे आए रक्तदाता

रक्तदान के जरिए दिया जनसेवा का संदेश,लोगों को किया महादान के प्रति जागरूक

 

सरेनी(रायबरेली)।रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।इसी भावना को साकार करते हुए गुरुवार को सरेनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।राणा बेनी माधव सिंह जिला चिकित्सालय,रायबरेली के ब्लड़ बैंक की ओर से सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभम सिंह के तत्वावधान में आयोजित शिविर में चिकित्सकों,स्वास्थ्यकर्मियों,
फार्मासिस्टों और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।शिविर में कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और जनसेवा का संदेश दिया।शिविर में सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभम सिंह,डॉ. अजीत सिंह,विद्युत विभाग के जेई मनीष जायसवाल,सर्वेश कुमार,रोहित कुमार,फार्मासिस्ट विनोद कुमार,विजय कुमार,शशीकांत त्रिवेदी,अंशु अग्निहोत्री और रमेश कुमार सहित अन्य लोगों ने रक्तदान किया।सभी रक्तदाताओं ने इस पुनीत कार्य में सहभागी बनकर जरूरतमंदों की सहायता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।जिला चिकित्सालय रायबरेली के ब्लड बैंक की ओर से सुनील कुमार (एलटी),मोहम्मद असलम (एलटी) और जितेंद्र वर्मा (एलए) ने शिविर में मौजूद रहकर रक्तदान संबंधी गतिविधियों में सहयोग किया।शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।

रक्तदान से बचाई जा सकती है अनमोल जिंदगी

शिविर के दौरान रक्तदान के महत्व पर जोर देते हुए लोगों को बताया गया कि दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों,गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और ऑपरेशन के दौरान रक्त की आवश्यकता वाले लोगों के लिए रक्त की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है।ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन की रक्षा में अहम भूमिका निभाता है।स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों के साथ समाजसेवियों की सहभागिता ने भी इस आयोजन को खास बनाया।शिविर के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं,बल्कि मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है।सरेनी सीएचसी में आयोजित इस पहल ने लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक होने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की प्रेरणा दी।

Related posts

Leave a Comment