प्रयागराज। फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा कांदी निवासी सजीवन भारतीय के पुत्र सौरव भारतीय की मऊआइमा में हुई हत्या की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक दीपक पटेल पीड़ित परिवार के आवास पर पहुँचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
विधायक मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी ने बताया कि घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए विधायक ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे और उनका पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जाँच करने और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
विधायक दीपक पटेल ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख और वज्रपात को सहन करने का धैर्य व शक्ति प्रदान करें। इस अवसर पर मुख्य रूप से लक्ष्मी कांत मिश्रा काका,पार्षद अरुण कुमार मिश्रा पिंटू नेता, प्रधान आदित्य सिंह, अभिषेक सिंह डीसीएफ,विनय तिवारी, भूपेन्द्र पांडेय आदि मौजूद रहे।
विधायक दीपक पटेल ने कांदी पहुँचकर सौरव के परिजनों को बंधाया ढांढस, जताया गहरा शोक