पत्रकारिता के निर्भीक प्रहरी केदारनाथ द्विवेदी को श्रद्धांजलि

जन्मजयंती पर भतीजे प्रदीप द्विवेदी ने स्मरण कर व्यक्त किए भाव

कानपुर देहात। राजपुर क्षेत्र के ग्राम भाल निवासी स्मृति शेष केदारनाथ द्विवेदी की जन्मजयंती पर उनके भतीजे प्रदीप द्विवेदी ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ द्विवेदी ने संघर्ष, राष्ट्रनिष्ठा, सामाजिक सरोकार और निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
05 अक्टूबर 1947 को जन्मे केदारनाथ द्विवेदी ने प्रारंभिक शिक्षा के बाद पुखरायां में अध्ययन किया। इसी दौरान उनका संपर्क राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से हुआ। संघ के संस्कारों से प्रभावित होकर उन्होंने प्रचारक के रूप में भी कार्य किया और जीवनभर सेवा, अनुशासन व राष्ट्रहित के मूल्यों को अपनाया।
उन्होंने ‘आज’ और ‘दैनिक जागरण’ जैसे समाचार पत्रों से पत्रकारिता की। ग्रामीण और बीहड़ क्षेत्रों की समस्याओं तथा आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी पत्रकारिता की विशेषता रही। उन्होंने कस्बाई पत्रकारों को संगठित करने और उन्हें मंच उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए।प्रदीप द्विवेदी ने कहा कि चाचा केदारनाथ द्विवेदी परिवार के लिए केवल अभिभावक ही नहीं, बल्कि प्रेरणास्रोत थे। उनके आदर्श और सामाजिक सरोकार आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने दिवंगत आत्मा को शत-शत नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related posts

Leave a Comment