जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

कानपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों और युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से मतदाता सूची का अवलोकन कर त्रुटियों को दूर कराने और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। बीएलओ घर-घर जाकर पूर्व और वर्तमान मतदाता सूची का मिलान करेंगे तथा छूटे हुए मतदाताओं की स्थिति का सत्यापन करेंगे।अभियान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों, महिलाओं और बेघर नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरने की व्यवस्था है। आवेदन बीएलओ, निर्वाचन कार्यालय, निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से किया जा सकता है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजय श्रीवास्तव सहित भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सपा, अपना दल और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related posts

Leave a Comment