भाजपा कार्यालय में जयंती पर किया माल्यार्पण, पदाधिकारियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
कानपुर। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को भाजपा की ओर से नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सीमा एमबीए, जिला संयोजक मन की बात राधा सैनी, जिला मंत्री विनोद पाल, जिला सह कोषाध्यक्ष शैल शुक्ला, सुरेश गुप्ता, स्पर्श कटियार और मनोज सुदर्शन ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रभक्ति, दृढ़ इच्छाशक्ति, साहस और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। उनके अद्वितीय नेतृत्व और दूरदर्शिता ने एक मजबूत एवं एकीकृत भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श आज भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, सामाजिक समरसता बनाए रखने और देश की एकता के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।