कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने खनुआ नदी की सफाई कर स्वच्छता का दिया संदेश

देवरिया, 8 जून मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यहाँ स्वच्छता और विकास को लेकर दो बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने खुद मोर्चा संभालते हुए खनुआ नदी की सफाई अभियान में हिस्सा लिया और साथ ही नारायणपुर में बनने वाले नए पुल की आधारशिला भी रखी।

सुबह करीब 6 बजे शुरू हुआ सफाई अभियान 10 बजे तक चला। मंत्री नाव पर सवार होकर नदी में उतरे और जेसीबी की मदद से कचरा और गाद निकालने के काम की निगरानी की। सफाई कार्य में एसडीआरएफ और पीएसी की टीमों ने भी सहयोग किया। मंत्री ने कहा कि नदियाँ केवल जल स्रोत नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति और जीवन का आधार हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी-नालों में प्लास्टिक और कचरा न फेंकें, क्योंकि इससे प्रदूषण बढ़ता है और बीमारियाँ फैलती हैं। उनका कहना था कि “स्वच्छ नदी ही स्वस्थ गाँव, स्वस्थ समाज और स्वस्थ देश की पहचान है।”

इसी कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने नारायणपुर में सरयू-खनुआ नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास किया। इस पुल पर कुल 23 करोड़ 95 लाख 77 हजार रुपये खर्च होंगे। मंत्री ने बताया कि इस पुल के बन जाने से देवरिया और कुशीनगर के बीच आवागमन आसान हो जाएगा। किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने से विकास को भी गति मिलेगी। कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर जनता को राहत देना है।

Related posts

Leave a Comment