तिलहर /शाहजहांपुर
कोतवाली क्षेत्र के गांव नवियापुर में 25 वर्षीय युवक उमेश का शव पेड़ से लटका मिला था।जिसमें उचित कार्यवाही न होने के कारण शुक्रवार सुबह 9 बजे परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने रटा पुल पर शव रखकर तिलहर-निगोही मार्ग जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर करीब 3-3 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगभग चार घंटे तक मार्ग पूरी तरह बंद रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हुई।
जाम की सूचना पर तिलहर पुलिस मौके पर पहुंचीं और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इसके करीब 3 घंटे बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे भी पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि फरार एक आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। SP के आश्वासन के बाद करीब 4 घंटे बाद जाम खोला गया।
जाम के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मौके पर मौजूद तिलहर थाना प्रभारी प्रिंस शर्मा और पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला। भीड़ अधिक होने के कारण महिलाओं को धक्का-मुक्की से बचने के लिए अपनी चप्पलें हाथ में लेकर आगे आना पड़ा।
परिजनों ने आरोप लगाया कि उमेश की हत्या गांव के पांच लोगों ने कर, शव को पेड़ से लटका दिया। उनका कहना था कि बिरसिंहपुर पुलिस चौकी इंचार्ज अरुण कुमार व कांस्टेबल ने मृतक उमेश पर झूठा पैनल चोरी का आरोप लगाते हुए घर पर पीटा फिर चौकी ले जाकर बुरी तरह पीटा।परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिसके विरोध में उन्हें सड़क जाम करने को मजबूर होना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तिलहर, निगोही, कटरा और जैतीपुर थाना पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी तिलहर विदुष सक्सेना और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया। इसके बाद जाम समाप्त कर यातायात सुचारु किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी