भव्य कूद प्रतियोगिता एवं आल्हा का होगा आयोजन, लाखों की तैयारियां, आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा
संवाददाता।
रायबरेली। जनपद के ग्राम कुंडवल में इस वर्ष नाग पंचमी का पर्व खेल, संस्कृति और सामाजिक सम्मान के अद्भुत संगम का साक्षी बनने जा रहा है। 17 अगस्त 2026 (दिन सोमवार) को आयोजित होने वाली भव्य कूद प्रतियोगिता एवं आल्हा कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं और आसपास के गांवों के खिलाड़ी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार इस बार प्रतियोगिता को पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया गया है। विजेता खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है। प्रथम पुरस्कार के रूप में फ्रिज एवं ₹5100 नकद, द्वितीय पुरस्कार में साइकिल एवं ₹2100 नकद तथा तृतीय पुरस्कार में चार कुर्सियों का सेट एवं ₹1100 नकद प्रदान किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम की एक और विशेषता यह होगी कि 700 कार्यकर्ताओं को सम्मान स्वरूप ₹200 नकद एवं एक-एक जग भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पारंपरिक आल्हा गायन का भी भव्य आयोजन होगा, जिसमें लोकगायक अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को वीर रस और लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उदित नारायण उर्फ राजू श्रीवास्तव ने बताया कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र की एकता, भाईचारे, खेल भावना और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की।
वहीं समाजसेवी बलवंत कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतर आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना और पारंपरिक लोक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सुरक्षा, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि सभी लोग कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाला यह आयोजन क्षेत्र के सबसे बड़े सांस्कृतिक एवं खेल आयोजनों में से एक माना जा रहा है। आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें, आल्हा की वीर गाथाओं का आनंद लें और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।
नाग पंचमी पर कुंडवल में खेल और संस्कृति का महाकुंभ: