जोन-08 झूंसी में महापौर ने की समीक्षा बैठक, तालाब-नालों को संरक्षित एवं अतिक्रमण मुक्त कराने के दिए निर्देश

प्रयागराज।

प्रयागराज में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने, वर्षा जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान तथा विस्तारित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से महापौर गणेश केसरवानी ने नगर निगम के जोन-08 झूंसी कार्यालय में पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में विभिन्न वार्डों की समस्याओं की जानकारी लेते हुए महापौर ने उनके समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में वर्षा जलभराव, सीवर व्यवस्था, नाला-नालियों की साफ-सफाई, जल निकासी, नाला-नालियों पर अतिक्रमण, नियमित चूना छिड़काव एवं फॉगिंग, तालाबों के संरक्षण तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप की व्यवस्था सहित विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

महापौर गणेश केसरवानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति है, वहां तत्काल आवश्यकतानुसार पंप लगाकर जल निकासी सुनिश्चित की जाए। जिन स्थानों से पंप के माध्यम से जल निकासी की जा चुकी है, वहां तत्काल साफ-सफाई एवं चूना छिड़काव कराया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

महापौर ने कहा कि विस्तारित क्षेत्र में स्थित सभी तालाबों, नालों एवं नालियों का संरक्षण नगर निगम की प्राथमिकता है। जिन तालाबों एवं नालों पर अतिक्रमण अथवा अवैध कब्जा है, उन्हें नियमानुसार अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। विशेष रूप से जिन तालाबों पर कब्जा कर निर्माण किए गए हैं, उनकी स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

महापौर गणेश केसरवानी के निर्देश पर 60 फीट रोड़ स्थित नाले को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई भी की गई। महापौर ने कहा कि नालों को अतिक्रमण मुक्त कराने से जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी और वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या के समाधान में भी प्रभावी परिणाम प्राप्त होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों पर निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाए जहां प्रत्येक वर्ष वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे क्षेत्रों में पहले से पंप एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जल निकासी में किसी प्रकार की देरी न हो।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज की टीम दिन-रात पूरी मेहनत और लगन के साथ नागरिक सुविधाओं एवं जल निकासी से जुड़े कार्यों में जुटी हुई है। नगर निगम द्वारा ही नाला-नालियों की साफ-सफाई, जल निकासी एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लगातार सुनिश्चित किया जा रहा है और आगे भी इन सभी कार्यों को नगर निगम पूरी जिम्मेदारी के साथ करेगा। उन्होंने कहा कि शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है और इसके लिए आवश्यकतानुसार स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।

महापौर ने जोन-08 के अंतर्गत छतनाग, आजाद नगर, सोनौटी, हवेलिया, अंदावा, कनिहार, अमरसापुर एवं कटका सहित विभिन्न वार्डों के पार्षदों से उनके क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। पार्षदों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों को मौके के अनुसार आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज नागरिकों को बेहतर जल निकासी, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। विस्तारित क्षेत्रों में भी विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

बैठक में जोन कक्ष समिति अध्यक्ष राम मिलन पासवान, शिव नारायण यादव, सियाराम मौर्या, कन्हैया लाल, गुल फिरोज, अरुण कुमार मिश्रा पिंटू, बबीता पप्पू यादव, पूरन पासी, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, जोनल अधिकारी जोन-06 अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts

Leave a Comment