पुरानी नियमावली व पुराने पैटर्न की बहाली को लेकर युवा मंच का अनिश्चितकालीन अनशन चौथे दिन भी जारी

प्रयागराज। पुरानी नियमावली एवं पुराने परीक्षा पैटर्न को बहाल कर टीजीटी-पीजीटी भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर युवा मंच के बैनर तले पत्थर गिरजाघर, सिविल लाइंस, प्रयागराज में चल रहा अनिश्चितकालीन अनशन आज चौथे दिन भी जारी रहा। युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा टीजीटी शिक्षक भर्ती में अचानक सामान्य अध्ययन एवं TET की पात्रता को शामिल किए जाने से बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अचानक किए गए बदलाव से लाखों अभ्यर्थियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
श्री सिंह ने कहा कि प्रवक्ता भर्ती में बिना B.Ed. वाले अभ्यर्थियों को पूर्व व्यवस्था के समान अवसर न देना भी अभ्यर्थियों के साथ अन्याय है। सरकार को भर्ती प्रक्रिया में व्यापक अवसर उपलब्ध कराने चाहिए, न कि नियमों में अचानक बदलाव कर लाखों युवाओं को प्रतियोगिता से बाहर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि TGT-PGT के लगभग 20 हजार रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न के आधार पर विज्ञापन जारी किया जाना चाहिए। लगभग सात लाख प्रभावित अभ्यर्थी सरकार से नौकरी नहीं, बल्कि प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मांग रहे हैं, ताकि योग्य युवा अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सकें। अनिल सिंह ने उदाहरण देते हुए कहा कि TGT-PGT 2022 में 4,163 पदों का विज्ञापन जारी हुआ था, जिसकी प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। वर्ष 2026 में लगभग चार वर्ष बीत जाने के बावजूद यदि 2022 के विज्ञापन को पुरानी नियमावली के आधार पर आगे बढ़ाया और पूरा किया जा सकता है, तो 2026 में लगभग 20 हजार पदों का नया विज्ञापन भी पुरानी नियमावली के आधार पर जारी किया जा सकता है। इसमें किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को अभ्यर्थियों की मांग पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेते हुए पुरानी नियमावली व पुराने परीक्षा पैटर्न को बहाल कर 20 हजार पदों पर विज्ञापन जारी करना चाहिए। युवा मंच ने स्पष्ट किया कि जब तक अभ्यर्थियों की जायज मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान युवा मंच से जुड़े एल.के. चौधरी, सुषोभित, अखिलेश वर्मा, के.डी. शर्मा, अमित पाण्डेय,राकेश चौरसिया , शिमला पटेल, दीपा सिंह, रिंकी चौहान,भानू शुक्ल, बृजेश सिंह,आरती सिंह, कपिल उपाध्याय, पंकज त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एवं युवा मौजूद रहे।

Related posts

Leave a Comment